Saturday, March 28, 2026
Home कोरबा छठ की आस्था:अस्ताचल सूर्य को दिया अर्घ्य,निजात का संदेश भी घाटों पर

छठ की आस्था:अस्ताचल सूर्य को दिया अर्घ्य,निजात का संदेश भी घाटों पर

0 पुलिस अधीक्षक भी सपत्नीक पहुंचे घाट पर, की पूजा-अर्चना

कोरबा(खटपट न्यूज़)। सूर्योपासना का महापर्व छठ ऊर्जाधानी में पूर्ण आस्था और श्रद्धा के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है। सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही इस पर्व का समापन होगा और व्रती अपना व्रत तोड़ेंगे। इससे पहले रविवार की शाम छठ घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया गया।

रविवार की शाम जिले के सभी छठ घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ा रहा।विभिन्न पूजा सामग्रियों के साथ छठ मैया के गीत गाते हुए घाटों पर व्रती अपने परिजनों के साथ पहुंचे। इनके अलावा क्षेत्रीय लोग भी पूर्ण आस्था के साथ घाटों पर पहुंचे और अपनी श्रद्धा के साथ अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देते हुए मां छठ को नमन किया।

0 जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
छठ घाटों पर राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, महापौर राजकिशोर प्रसाद, बालक कल्याण समिति के अध्यक्ष मनीष शर्मा सहित विभिन्न समाजों के पदाधिकारियों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर छठ पर्व की अपनी शुभकामनाएं दी और छठ मैया की पूजा अर्चना में शामिल हुए एवं भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।
0 पुलिस अधीक्षक भी पहुंचे परिवार के साथ

जिला पुलिस अधीक्षक संताेष सिंह पत्नी श्रीमती वंदना सिंह व बच्चाें के साथ ढेंगुरनाला छठ घाट पहुंचे।उन्हाेंने सपरिवार डूबते सूर्य काे अर्घ्य अर्पित किया। उन्हाेंने घाट पर माैजूद पूर्वांचलवासियाें से मुलाकात कर अपनी शुभकामनाएं दी। इस दौरान कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रूपक शर्मा, रामपुर चौकी प्रभारी एसआई कृष्णा साहू भी मौजूद रहे।
0 छठ घाटों पर छाया रहा निजात अभियान

जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा नशा के विरुद्ध निजात अभियान चलाया जा रहा है जिसे विभिन्न सार्वजनिक आयोजनों में प्रसारित करने का भी काम हो रहा है। आज छठ घाटों पर निजात अभियान से संबंधित पोस्टर फ्लेक्स लगाकर इस ओर लोगों का ध्यान आकर्षित किया गया। नशा के विरुद्ध निजात अभियान को लोगों का प्रतिसाद भी मिल रहा है।
0 आज उगते सूर्य को देंगे अर्घ्य
छठ पर्व शुक्रवार को नहाय खाय के साथ शुरू हुआ। शनिवार को व्रती श्रद्धालु उपवास रखकर शाम को खरना प्रसाद ग्रहण किये। रविवार शाम को अस्ताचल सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया। सोमवार की सुबह उगते सूरज को अर्घ्य देने के साथ ही प्रसाद ग्रहण करेंगी व पर्व की पारणा की जाएगी।

Advertisement Carousel