0 कटघोरा पुलिस को मिली सफलता, 4.90 लाख रुपए बरामद
0 आरोपियों ने जनकपुर, चिरमिरी, गौरेला पेंड्रा, जशपुर में भी वारदात करना स्वीकार किया
कोरबा(खटपट न्यूज़)। कटघोरा क्षेत्र अंतर्गत 5 लाख रुपए की उठाईगिरी की घटना में पुलिस को सफलता मिली है। घटना को 2 आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया था, जिसमें से 1 आरोपी को गिरफ्तार कर लूट की रकम में से 4 लाख 90 हजार रुपए बरामद कर लिया गया है। आरोपी लूट की राशि से महज 10000 रुपये ही खर्च कर पाए थे।

घटना दिनांक 17 अक्टूबर को प्रार्थी कल्याण सिंह पैकरा पिता शिवनारायण पैकरा 62 वर्ष निवासी चैतमा पाली का स्टेट बैंक कटघोरा से नगदी रकम 5 लाख रुपए आहरण कर अपने मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर इस्तियाक मेडिकल स्टोर कटघोरा में दवाई लेने गया था। जब दवाई लेकर वापस आया तो देखा कि मोटरसाइकिल की डिक्की खुली हुई थी कोई अज्ञात चोर डिक्की में रखा हुआ नकदी रकम 5 लाख रुपए चोरी कर भाग गया । थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 391/ 2022 धारा 379 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक यू उदय किरण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के नेतृत्व , पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कटघोरा ईश्वर त्रिवेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कटघोरा निरीक्षक अश्वनी राठौर एवं साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक कृष्णा साहू के साथ संयुक्त 5 टीम बनाकर पतासाजी शुरू किया गया।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच पड़ताल में ज्ञात हुआ कि घटना घटित करने के बाद कटघोरा जटगा पसान होकर पेंड्रा गौरेला की ओर भागे हैं। इन रास्तों पर लगे हुए सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल पर आरोपी का फोटो प्राप्त हुआ जिसकी पहचान आसपास के जिलों में अपने अपने माध्यम से कराया गया। यह भी जानकारी प्राप्त हुआ कि इसी हुलिया के आरोपियों द्वारा कुछ दिनों पूर्व जनकपुर , चिरमिरी , जशपुर के लुडेग व पेंड्रा गौरेला क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया गया है। इस तरह की घटनाएं अक्सर नट गिरोह के सदस्यों के द्वारा की जाती है। इस आधार पर एक टीम को पत्थलगांव के आसपास निवासरत नट गिरोह के सदस्यों पर निगाह रखने हेतु भेजा गया ,टीम के द्वारा पता लगाया गया की उक्त घटना को नट गिरोह के सदस्य दीपक कुमार नट एवं वासुदेव नट के द्वारा घटित किया गया है। टीम द्वारा नट गिरोह के सदस्यों की तलाश शुरू की गई। थाना पत्थलगांव क्षेत्र के ग्राम झक्कड़पुर में निवासरत नट लोगों के घरों में दबिश दी गई जहां से आरोपी दीपक कुमार नट पिता जीवनलाल 36 वर्ष को हिरासत में लिया गया, जिससे पूछताछ पर साथी वासुदेव नट के साथ घटना करना स्वीकार किया। दीपक कुमार नट के पास से नकदी रकम 4 लाख 90 हजार रुपए एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद किया गया।अन्य आरोपी वासुदेव नट पिता मोहन लाल नट 45 वर्ष को बलरामपुर पुलिस अपने हिरासत में लेकर गई है, जिसे शीघ्र ही कटघोरा पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।
उक्त मामले में थाना प्रभारी कटघोरा निरीक्षक अश्वनी राठौर , साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक कृष्णा साहू , सहायक उप निरीक्षक अजय सिंह , प्रधान आरक्षक चक्रधर राठौर , आरक्षक बिपिन बिहारी नायक , सुशील यादव , विकास कोसले , गंगाराम, वीरेंद्र पटेल, योगेश राजपूत ,आशीष साहू व विष्णु पाटले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।















