
कोरबा(खटपट न्यूज़)। छत्तीसगढ़ प्रदेश ही नहीं दूसरे प्रदेशों के लोगों के लिए भी अगाध आस्था का केंद्र कोरबा जिले के ऐतिहासिक धार्मिक स्थल ग्राम कनकी स्थित कनकेश्वर मंदिर, मां सर्वमंगला मंदिर और मां मड़वारानी मंदिर को ट्रस्ट बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश कोरबा एसडीएम श्रीमती सीमा पात्रे को कलेक्टर संजीव झा ने दिए हैं। मंगलवार को आयोजित समय सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने उक्त आशय के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि मां सर्वमंगला देवी मंदिर में ट्रस्ट निर्माण के लिए वर्षों से कोशिश की जा रही है। यहां ट्रस्ट बनाने का मामला न्यायालय में भी चला। मां मड़वारानी मंदिर में भी ट्रस्ट की जरूरत स्थानीय लोगों ने लंबे समय से बताना जारी रखा है। इस नवरात्रि पर जब कलेक्टर संजीव झा, एसपी संतोष सिंह मड़वारानी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे तो वहां ट्रस्ट से संबंधित मांग और समस्या को रखा गया। अलग-अलग समितियों के द्वारा यहां मंदिर का संचालन एवं व्यवस्था किए जाने के कारण मनभेद और मतभेद बने हैं। कनकेश्वर महादेव की नगरी कनकेश्वर धाम में भी जिस तरह से विकास होना चाहिए, वह नजर नहीं आ रहा। यदि ट्रस्ट बना दिया जाता है तो इन तीनों प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास होगा बल्कि प्रशासन की भी सीधी नजर रहेगी।















