Thursday, March 26, 2026
Home कोरबा सचिवों का तबादला,दलालों के पेट में दर्द:कौशिल्या

सचिवों का तबादला,दलालों के पेट में दर्द:कौशिल्या


कोरबा(खटपट न्यूज़)। जिला पंचायत के सीईओ नूतन कंवर एवं उनके अधिनस्थ अधिकारियों के द्वारा ग्राम पंचायत के सचिवों के स्थानांतरण को कोरबा जनपद पंचायत की उपाध्यक्ष ने सराहनीय बताया है।

कलेक्टर को इस आशय का पत्र प्रेषित करते हुए उपाध्यक्ष कौशिल्या देवी वैष्णव ने कहा है कि जिले में विगत 10-12 वर्षों से एक ही पंचायत में सचिव जमे हुए थे जिससे भ्रष्टाचार चरम पर था। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का सपना है कि छत्तीसगढ़ भ्रष्टाचार मुक्त हो, उसी क्रम में जिला पंचायत सीईओ ने भी सचिवों का स्थानांतरण कर भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की कोशिश की है। कुछ दलालनुमा व्यक्ति जो सचिवों का ट्रांसफर के नाम पर लाखों की उगाही करते थे, उनके पेट में दर्द उठने लगा है क्योंकि जिला सीईओ ने उनकी दलाली बंद कर दी है। उपाध्यक्ष ने किसी का नाम लिए बिना कहा है कि इसमें कुछ तथाकथित पत्रकार भी शामिल हैं जो सचिवों के ट्रांसफर के नाम पर वसूली किया करते हैं। जनपद उपाध्यक्ष ने पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रविन्द्र चौबे को भी प्रेषित किया है। दूसरी तरफ जनपद उपाध्यक्ष के इस तरह के पत्र के आम होने से जनपद व जिला पंचायत के गलियारे में चर्चा सरगर्म है। कहा जा रहा है कि इस तरह से वे जिला सीईओ और अधीनस्थ अधिकारी का बचाव कर रही हैं जिनकी कार्यशैली की शिकायतें शासन व सीएम तक हुई है।

Advertisement Carousel