Monday, March 30, 2026
Home कोरबा घोषणा पत्र के 36 वादों में से एक भी वादा पूरा नहीं...

घोषणा पत्र के 36 वादों में से एक भी वादा पूरा नहीं किया भूपेश सरकार ने – गोपाल मोदी

0 अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन की हड़ताल में शामिल हुए भाजपा नेता

कोरबा((खटपट न्यूज़)। छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के द्वारा महंगाई भत्ता बढ़ाने के संबंध में 2 सूत्रीय मांग को लेकर 22 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रारंभ किया गया है। छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष अरूण साव के निर्देश पर सभी जिलों में भाजपा संगठन के द्वारा सहयोग दिया जा रहा है। इस तारतम्य में कोरबा जिला भाजपा के कोषाध्यक्ष युवा नेता गोपाल मोदी धरना स्थल पर पहुंचकर संबोधित कर रहे हैं।

गोपाल मोदी ने कहा कि घोषणाएं पूरी करना और प्रदेश को खुशहाल रखना सरकार की जिम्मेदारी होती है। 2018 में चुनाव के दौरान घोषणा पत्र में किए गए 36 वादों में से एक भी वादा कांग्रेस की सरकार ने पूरा नहीं किया है। किसी भी वादे पर अमल नहीं किया जा सका है। हाथ में गंगाजल उठाया तो भोली-भाली जनता बहकावे में आ गई। प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी करने की घोषणा तो की गई लेकिन यह नहीं हो सका और घर-घर ऑनलाइन शराब बेचने लगे। 10 लाख रोजगार देने की बात कही और विधानसभा में 5 लाख रोजगार देने का पोस्टर लगाया। जब विधानसभा में इसकी सूची मांगी गई तो 19 हजार लोगों को रोजगार देना पता चला। यह कैसी झूठी सरकार है, हर बात पर ठगना इसका काम है।

रोजगार देने तक प्रत्येक बेरोजगार को 2500 रुपया भत्ता हर माह देने का वादा किया लेकिन 45 माह की सरकार में किसी को भी बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया। प्रत्येक बेरोजगार पर 1 लाख 12 हजार 500 रुपए के हिसाब से 12 हजार करोड़ रुपए बेरोजगारों को देना है। गोपाल मोदी ने कहा कि किसानों का धान समर्थन मूल्य 2500 रुपए में खरीदने की बात कहते है लेकिन 2 साल से बोनस नहीं मिला है। किसानों का कर्जा भी माफ नहीं किया गया। किसान को धान बेचने के लिए उत्पादन प्रमाण पत्र देना पड़ता है। गोपाल मोदी ने कहा कि राज्य सरकार को हड़ताल पर बैठे अधिकारी-कर्मचारियों की मांगें जल्द से जल्द पूरी करनी चाहिए ताकि आम जनता के रूके हुए कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो सके।

Advertisement Carousel