
कोरबा(खटपट न्यूज़)। जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पनगवां में रविवार को बकरा मटन खाने के बाद बीमार हुए दंपत्ति की मौत हो गई। 11 अन्य लोग बीमार हैं जिनका उपचार जारी है।
प्रभावित ग्रामीण एक किसान के यहां रोपा के एवज में बकरा खाने के लिए गए थे। इनमें शामिल शिवप्रसाद और उसकी पत्नी संतोषी बाई को रविवार आधी रात के बाद करीब 4 बजे पेट में तेज दर्द होने लगा और पति-पत्नी उल्टी-दस्त के शिकार हो गए। आज सुबह हालत गंभीर हो गई और कुछ समय पश्चात मृत्यु हो गई। बकरा मटन खाने वाले 11 अन्य ग्रामीणों को पसान और पिपरिया के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।मौके पर बीएमओ डॉ.दीपक सिंह एसडीएम नंदजी पांडे सहित स्वास्थ्य अमला ने पहुंचकर आवश्यक राहत प्रदान किया।
0.ढोढ़ी का जहरीला पानी पीने से मौत की भी चर्चा
दूसरी ओर इस मामले में यह बात भी सामने आ रही है कि इन प्रभावित ग्रामीणों ने बड़ा और भाजी खाया था। इसके बाद खेत के करीब स्थित ढोढ़ी का पानी पी लिया और इसके बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। बताया जा रहा है कि ढोढ़ी का पानी जहरीला हो गया है जिसे पीने से उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। समय पर अस्पताल तक पहुंचने की व्यवस्था न होने से दंपति की मौत हुई। हालांकि पुलिस द्वारा मामले में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। रिपोर्ट में मौत का सही कारण ज्ञात होगा।















