0 सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया निर्देश
रायपुर/कोरबा (खटपट न्यूज)। छग अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के आह्वान पर 22 अगस्त 2022 से राज्य शासन के अधिकारी व कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए तत्पर हैं। इनमें से कई कर्मचारी संगठन के कर्मचारी/अधिकारी हड़ताल में शामिल नहीं रहेंगे। ऐसे लोगों को कार्यालय आने-जाने हेतु सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मुख्य द्वार में आवश्यकतानुसार वीडियोग्राफी कराने के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं।
छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के संयुक्त सचिव संजय अग्रवाल के द्वारा आदेश जारी कर कहा गया है कि कतिपय विभागाध्यक्ष एवं कर्मचारी संगठनों द्वारा आशंका व्यक्त की गई है कि अनिश्चितकालीन हड़ताल में नहीं रहने वाले कर्मचारी/अधिकारी के कार्यालय प्रवेश के समय विवाद की स्थिति निर्मित हो सकती है। ऐसा न हो इसलिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया गया है।
बता दें कि लंबित दो सूत्रीय मांग 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं सातवें वेतन के अनुरूप गृह भाड़ा भत्ता देने की मांग छत्तीसगढ़ कर्मचारी/अधिकारी फेडरेशन के द्वारा की जा रही है। विगत दिनों 5 दिन की हड़ताल मांग के संबंध में की गई थी। मांग के संबंध में 16 अगस्त को शासन द्वारा निर्णय लेकर सातवां वेतनमान में 6 प्रतिशत एवं छठवां वेतनमान में 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता में वृद्धि किया गया है। इस तरह सातवां वेतनमान में कुल महंगाई भत्ता की दर 28 प्रतिशत व छठवां वेतनमान में कुल महंगाई भत्ता की दर 189 प्रतिशत होगी। यह राशि 1 अगस्त 2022 से नगद भुगतान किया जाना है। उक्त बढ़े हुए प्रतिशत को फेडरेशन के द्वारा नकारते हुए अपनी मांग को पूरा कराने के लिए हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया गया है। दूसरी ओर अनिश्चितकालीन हड़तालियों पर सरकार सख्ती बरतने के मूड में है और एस्मा लागू किया जा सकता है। प्रदेश के लोगों की निगाहें इस हड़ताल पर टिकी हुई हैं।
















