कोरबा (खटपट न्यूज)। कोरबा जिले के करतला ब्लॉक अंतर्गत ग्राम तुमान में संचालित हाईस्कूल एक बार फिर सुर्खियों में है। पूर्व के दिनों में यहां प्राचार्य की पदस्थापना को लेकर जहां विवाद की स्थिति निर्मित होती रही है वहीं इस बार यहां के प्राचार्य पी.पटेल पर विद्यार्थियों को पीटने एवं उन्हें स्कूल से बाहर निकाल देने का मौखिक आरोप लगाया गया है।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुमान का यह घटनाक्रम 18 अगस्त गुरुवार का बताया जा रहा है। विद्यालय आने वाले कुछ बच्चों को प्राचार्य के द्वारा न सिर्फ पीटा गया बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी विद्यालय परिसर से बाहर निकालकर मुख्य द्वार बंद कर दिया गया। इस दौरान मचे गहमा-गहमी पूर्ण हंगामा की सूचना मिलने पर डॉयल 112 की टीम भी विद्यालय पहुंची और कुछ देर बाद वापस लौट गई। विद्यार्थियों के परिजन विद्यालय पहुंचे थे जिन्होंने प्राचार्य से बात करते हुए कई तरह के आरोप लगाए। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान शाला प्रबंध समिति की अध्यक्ष श्रीमती जानकी चंद्रा व अन्य सदस्यगण भी उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों के परिजनों का आरोप है कि बच्चों को काला जूता, लाल मोजा, लाल रंग की टाई, काला रंग का बेल्ट, सफेद शर्ट-पैंट, सफेद शर्ट-खाकी पैंट, स्कूल बैग, पानी बोतल व टिफिन के साथ ही आने के लिए कहा जा रहा है। जिनके पास ये सभी सामान नहीं होंगे वे स्कूल नहीं आएंगे, ऐसा फरमान सुनाया गया है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी स्कूल में गरीबों के बच्चे पढ़ते हैं जिनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं होती कि वे सभी जरुरतों को पूरा कर सकें। विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों ने प्राचार्य पर जातिगत सहित और भी दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि इस संबंध में कुछ ग्रामीणों ने बैठक कर निर्णय भी लिए हैं लेकिन इसके संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है।
0 अनुशासन में रहना जरूरी, जरूरत हो तो पूरा करेंगे:प्राचार्य















