Saturday, April 4, 2026
Home कोरबा फर्राटा भरते नाबालिग चालकों पर कसा शिकंजा यातायात अमले ने

फर्राटा भरते नाबालिग चालकों पर कसा शिकंजा यातायात अमले ने

0 एक ही दिन में 12 नाबालिग वाहन चालकों पर कार्यवाही

कोरबा(खटपट न्यूज़)। यातायात पुलिस ने शहर में फर्राटा भरने वाले 12 नाबालिग दोपहिया वाहन चालकों पर मंगलवार को ताबड़तोड़ कार्यवाही कर 24 हजार रुपये शुल्क वसूला है। यातायात पुलिस ने नाबालिगों के पालकों को भी समझाइश दिया है कि भविष्य में यदि नाबालिग को वाहन चलाने के लिए देते हैं तो मामला कोर्ट में पेश किया जायेगा।
मालूम हो कि जिले में कुछ दिनों से नाबालिग वाहन चालकों की संख्या ज्यादा ही बढ़ गई है। स्कूल और ट्यूशन क्लासेज में नाबालिग वाहन चालक ज्यादा ही नजर आ रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा और यातायात पुलिस उप अधीक्षक शिव चरण सिंह परिहार के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने मंगलवार को शहर के निहारिका, सीएसईबी,टीपी नगर और पुराना बस स्टैंड में पॉइंट लगाकर नाबालिग वाहन चालकों पर कार्यवाही की।
यातायात सूबेदार भुनेश्वर कश्यप ने बताया कि नाबालिग वाहन चालकों को रोककर मौके पर उनके पालकों को बुलाया गया और जुर्माना की कार्यवाही के साथ समझाइश देकर वाहन उनके सुपुर्द किया गया। कार्यवाही में एएसआई मनोज राठौर, तरुण जायसवाल, घनश्याम राजपूत, सुदामा पाटले की टीम शामिल रही।

Advertisement Carousel