पति ने चाकू लेकर दौड़ाया तो पत्नी ने धारदार हथियार से कर दी हत्या


जांजगीर-चांपा (खटपट न्यूज)। शराब की लत और पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद ने आखिरकार एक की जान ले ली। वहीं पत्नी गंभीर रूप से घायल है। मामला चांपा थाना क्षेत्र का है। सोमवार देर शाम पति शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी से मारपीट करते हुए हंगामा करने लगा। उसने मारने के लिए चाकू लेकर जब पत्नी को दौड़ाया तो पत्नी ने भी धारदार हथियार से वार कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। इस मारपीट में पत्नी भी घायल हुई है। सूचना पर पुलिस दोनों को लेकर अस्पताल पहुंची, जहां देर रात पति ने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, घठोली चौक के पास रहने वाला विजय सूर्यवंशी 33 वर्ष सोमवार सुबह शराब पीकर घर पहुंचा और उत्पात मचाने लगा। हंगामा होता देख किसी तरह आसपास के लोगों ने उसे समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद शाम को फिर विजय शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंच गया। घर पहुंचते ही उसने पत्नी फोटो बाई से विवाद और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान विजय चाकू लेकर पत्नी पर हमला करने दौड़ा। इस पर पत्नी फोटो बाई ने भी धारदार हथियार उठा लिया और विजय पर हमला कर दिया। इस हमले में विजय और फोटो बाई दोनों घायल हो गए। विजय को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखा फोटो बाई ने डायल-112 पर कॉल किया और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची और विजय और फोटो बाई को बीडीएम अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान विजय ने देर रात दम तोड़ दिया।
पत्नी फोटो बाई को भी गंभीर चोट होने के चलते अभी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है। वह बड़ी सी छेनी है। पुलिस फोटो बाई से पूछताछ का प्रयास कर रही है। दोनों के 2 बेटे और 2 बेटियां हैं। बताया जा रहा है कि विजय शराब पीने का आदी था। वह अक्सर ही शराब पीकर आता और पत्नी-बच्चों से विवाद कर मारपीट किया करता था। पुलिस विजय के शव का आज पोस्टमार्टम कराएगी।

Advertisement Carousel