Saturday, March 28, 2026
Home Uncategorized कोरबा:गड्ढे में मौत,ठेकेदार पर FIR दर्ज करने पत्नी की गुहार

कोरबा:गड्ढे में मौत,ठेकेदार पर FIR दर्ज करने पत्नी की गुहार

0 भैसमा मार्ग में एक माह पहले हुई थी घटना

मृतक

कोरबा(खटपट न्यूज़)। जनसुरक्षा की अनदेखी कर सड़क निर्माण करा रही ठेका कंपनी की लापरवाही से गड्ढे में गिरकर मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने ठेका कंपनी/ठेकेदार के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध करने की गुहार पुलिस से लगाई है।
घटना 21 जून 2022 को सुबह उरगा थानांतर्गत बासीनपाठ-भैसमा के मध्य निर्माणाधीन सड़क के पुल-पुलिया डायवर्सन मार्ग में पेट्रोल पंप तुमान के पास पुल के लिए खोदे गए गड्ढे की मिट्टी में फिसलकर हुई थी। असुरक्षित गड्ढे में बाइक सवार मिट्टी से फिसल कर गिर पड़ा और मौत हो गई। मृतक ग्राम लालमाटी उरगा निवासी अजय कुमार यादव की पत्नी श्रीमती दिलेश्वरी यादव ने तुमान रोड निर्माण एजेंसी कंस्ट्रक्शन कंपनी और संबंधितों के विरुद्ध अपराध दर्ज करने की मांग की है।

गड्ढे में गिरी बाइक

अजय कुमार यादव नल जल योजना में मिस्त्री था। 21 जून को घर वापस लौटते वक्त निर्माणाधीन पुल के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरकर मौत हो गई। इस सड़क को उस दिन कोरबा के बीबी वर्मा कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा बनाया जा रहा था। खोदे गए गड्ढे के चारों ओर किसी भी तरह से आम जनता के बचाव व सुरक्षा के लिए घेराबंदी नहीं किया गया था और न ही चेतावनी का कोई बोर्ड अथवा पट्टी लगाई गई थी। यदि जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माण स्थल पर व्यवस्था की गई होती तो अजय के साथ दुर्घटना नहीं होती। दिलेश्वरी ने अजय की मौत के लिए निर्माण कंपनी के अलावा जिम्मेदार अन्य लोगों के विरुद्ध भी कार्यवाही की मांग की है।

Advertisement Carousel