
कोरबा (खटपट न्यूज)। प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा कोयला कारोबार से जुड़ी निजी कंपनी एसीबी में पांचवें दिन भी जांच जारी रही। दीपका, चाकाबुड़ा और रतिजा कोल वाशरी में गहन जांच-पड़ताल से शिकायतकर्ताओं को काफी उम्मीद है और उनकी नजरें जांच के नतीजों व सामने आने वाली गड़बड़ियों पर टिकी हुई है। सूत्रों के मुताबिक एसीबी में चल रही जांच में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों की परतें खुलेंगी। कोलवाशरी में कोयला कारोबार से लेकर पानी का उपयोग करने, आदिवासियों के जमीनों की फर्जी रजिस्ट्री कराने और टैक्स/जीएसटी चोरी के संबंध में तमाम तरह के दस्तावेजों की छानबीन की जा रही है। शिकायतकर्ताओं के अलावा एसीबी के अधिकारियों व कर्मचारियों से लेकर प्रभावित ग्रामवासियों की भी निगाहें टिकी हैं।
गौरतलब है कि 6 जुलाई से एसीबी की कोल वाशरियों में खनिज, राजस्व, पर्यावरण और जीएसटी विभाग द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही छानबीन में बड़े पैमाने पर कोल स्टॉक में गड़बड़ी, पर्यावरण के नियमों का उल्लंघन, भूमि अधिग्रहण व खरीदी संबंधी दस्तावेजों में हेरफेर, वे-ब्रिज के कैलीब्रेशन में अंतर सहित अन्य जांच-पड़ताल से एसीबी के कर्ताधर्ताओं में हड़कंप मची हुई है। बहरहाल देखना यह है कि संयुक्त टीम की जांच का नतीजा क्या होगा और शिकायत कर्ताओं से लेकर प्रभावितों/पीड़ितों को किस हद तक राहत मिलेगी?















