0 कल भी लिए जा सकेंगे नामांकन, कल ही जमा करना होगा
कोरबा, (खटपट न्यूज)। कोरबा प्रेस क्लब की द्विवार्षिक नई कार्यकारिणी वर्ष 2022 के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आज सुबह मतदाता सूची का प्रकाशन करने के साथ इस पर आपत्तियां मंगाई गई। इसके पश्चात नामांकन पत्र उपलब्ध कराए गए जिन्हें प्रत्याशियों के द्वारा प्राप्त किया गया। नामांकन पत्र कल भी प्राप्त किए जा सकेंगे।

कोरबा प्रेस क्लब के चुनाव की गहमा-गहमी जारी है। निर्वाचन की प्रक्रिया रविवार सुबह 10 बजे से प्रारंभ हुई। प्रेस क्लब कार्यालय तिलक भवन में निर्वाचन अधिकारी अधिवक्ता एलएन अग्रवाल के द्वारा प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन कर आपत्तियां मंगाई गई। मतदाता सूची पर किसी प्रकार की आपत्ति नहीं होने से अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन दोपहर 3 बजे किया गया। इसके पश्चात दोपहर 3.30 बजे से शाम 6 बजे तक नामांकन पत्र प्रत्याशियों के लिए उपलब्ध कराए गए। आज पहले दिन अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, उपसचिव व कोषाध्यक्ष के एक-एक पद व कार्यकारिणी सदस्य के 3 पदों के लिए कुल 32 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र प्राप्त किया। 13 जून सोमवार को भी सुबह 10 से 12 बजे तक नामांकन पत्र प्रदाय किए जाएंगे। भरे हुए नामांकन पत्र सुबह 10 से दोपहर 1.30 बजे तक जमा लिए जाएंगे। नामांकन पत्रों का परीक्षण दोपहर 2 से 3 बजे तक होगा एवं नामांकन पत्रों पर आपत्ति निराकरण व नाम वापसी दोपहर 3.10 से 4 बजे तक की जा सकेगी। प्रत्याशियों के नामों की अंतिम सूची का प्रकाशन शाम 5 बजे किया जाएगा। इसके पश्चात 14 जून को प्रात: 10 से 3 बजे तक तिलक भवन में मतदान कराया जाएगा। शाम 4 बजे से मतगणना पश्चात परिणाम की घोषणा की जाएगी। चुनाव अधिकारी श्री अग्रवाल ने बताया कि मतदान में कोई पोस्टल मतदान स्वीकार नहीं होगा।















