0 प्राण प्रतिष्ठा में उमड़ी आस्था,कृष्ण जन्म उत्सव में झूमे श्रद्धालु
प्रयागराज(खटपट न्यूज़)। दद्दा धाम तपोभूमि घनश्याम बाग आश्रम में चल रहे यज्ञ में देश भर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बॉलीवुड अभिनेता (कॉमेडी)राज पाल यादव ने भी शामिल हो कर गुरु भाई अनिल शास्त्री से आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री यादव ने यज्ञ में शामिल होकर पार्थिव शिवलिंग बनाया तथा महारुद्राभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

सवा करोड़ शिवलिंग निर्माण रुद्राभिषेक एवं दद्दा जी व गुरु माता की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में प्रात: से ही बड़ी संख्या में देश भर से श्रद्धालु भक्तों की भीड़ देखी गई। नियमित कार्यक्रमों में प्रातः हर-हर महादेव के जयघोष के साथ शिवलिंग निर्माण, रुद्राभिषेक पूजन, भजनों के कार्यक्रम उपरांत ब्रह्मलीन गुरुदेव दद्दा जी एवं गुरु माता की मनोज्ञ प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा डॉ. अनिल शास्त्री की विशेष उपस्थिति में मंत्रोच्चार के साथ की गई।
स्थापना कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री संजय पाठक, पूर्व मंत्री अजय विश्नोई, विधायक प्रणय प्रभात पांडे, विधायक लखन पटेल, नीरज दीक्षित, फ़िल्म अभिनेता राजपाल यादव, श्रीवर्धन त्रिवेदी, दिलीप दुबे, डॉ. जितेंद्र सिंह मुंबई, किरण शर्मा, शंकर महतो, अमान सिंह पटेल एवं गुरु परिवार से डॉ.सुनील त्रिपाठी, नीरज त्रिपाठी, प्रयागराज से वरिष्ठ गुरु भाई संतोष शुक्ला, जितेंद्र बबलू यादव, मीडिया प्रभारी सनी केशरी आदि की उपस्थिति रही।
0 विनम्रता पर मिलती है भगवत कृपा
संध्या कृष्ण जन्म उत्सव कार्यक्रम में डॉ.अनिल शास्त्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान को अगर पाना है तो मन में इस भाव को बसा लेना होगा कि मेरा सब कुछ मेरे ठाकुर जी ही है।विनम्रता के अंदर नम्रता छिपी है, यदि मनुष्य के अंदर विनम्रता का भाव आ जाए तो व्यक्ति पर भगवत कृपा होने में देर नहीं लगती। कृष्ण जन्म उत्सव में भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई जिस भक्त झूमते रहे।
0 4 दिनों में सवा करोड़ शिवलिंग निर्माण का लक्ष्य पूर्ण
सात दिवसीय सवा करोड़ शिवलिंग निर्माण के विराट महा आयोजन में भक्तों की श्रद्धा एवं भक्ति के चलते सवा करोड़ शिवलिंग निर्माण का लक्ष्य चौथे दिन ही पूर्ण कर लिया गया।














