0 छात्र नेता की मां ने लिखाई रिपोर्ट, अज्ञात लोगों पर जुर्म दर्ज
कोरबा(खटपट न्यूज़)। एक छात्र नेता के घर में घुसकर तीन अज्ञात लोगों ने खुद को पुलिस वाला बताते हुए मां के साथ गाली-गलौज कर तरह-तरह की धमकी दी है।

मानिकपुर पुलिस चौकी अंतर्गत शांति विहार मुड़ापार निवासी श्रीमती विमला सिंह पति बिर्जेश सिंह राजपूत के घर में घुसकर घटना की गई है। विमला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका बेटा विशाल सिंह रायपुर में रहकर पढ़ाई करता है और एनएसयूआई की छात्र राजनीति करता है। 22 मई को दोपहर 1 से 2 बजे के मध्य 3 अज्ञात व्यक्ति जबरन विमला के घर के अंदर घुस कर बेटे विशाल सिंह के बारे में पूछताछ करते हुए बोले कि तुम्हारा लड़का कहां है,उसे बुलाओ नहीं तो उसे उठा ले जाएंगे।
खटपट न्यूज़ को मिली रिपोर्ट के मुताबिक कथित पुलिस कर्मी जबरन घर के गेट को धक्का देकर अंदर आये और विमला से पूछताछ करने लगे। धमकी दिया कि बेटे को उठाकर ले जाएंगे, कभी खोज नहीं पायेगी। उसको बोलो कि हमसे आकर मिले वरना उसके लिये अच्छा नहीं होगा और लगतार बदतमीजी कर रहे थे। बेटे का मोबाईल नम्बर मांगे तब विमला द्वारा पूछे जाने पर कि क्या बात है तो गाली-गलौच करते हुए जबरन घर में घुस कर पूरे घर की तलाशी लिये, जबकि बार-बार उन व्यक्तियों को बोलती रही कि लड़का घर पर नहीं है। इतना कहने पर भी नहीं माने। तब से लगातार विमला अपने बेटे के मोबाईल पर संपर्क करने की कोशिश कर रही है पर वह बंद आ रहा है। विमला के मुताबिक वह अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर परेशान है। उपरोक्त व्यक्ति अपने आप को पुलिस वाला बोल रहे थे लेकिन वर्दी नहीं पहने हुए थे। जांच करते हुए विमला ने खुद के और बेटे की सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था करने का आग्रह किया है। विमला सिंह की रिपोर्ट पर मानिकपुर चौकी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 452, 294, 506, 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।















