Friday, October 18, 2024
Homeकोरबाविस अध्यक्ष व राजस्व मंत्री ने बिसाहूदास महंत की 42 वीं पुण्यतिथि...

विस अध्यक्ष व राजस्व मंत्री ने बिसाहूदास महंत की 42 वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

कोरबा। पूर्व मंत्री और छत्तीसगढ़ के जननेता स्व. बिसाहूदास महंत जी को उनकी 42 वीं पुण्यतिथि पर याद किया गया। कोरबा के ओपन थियेटर घण्टाघर के पास स्थित बिसाहूदास महंत स्मृति उद्यान में जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा (शहर) की ओर से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए कार्यक्रम आयोजित किया गया।
स्मृति उद्यान में स्थापित स्व. बिसाहू दास महंत की आदमकद प्रतिमा पर छ.ग. विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल, महापौर राजकिशोर प्रसाद, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष एवं पाली तानाखार विधायक मोहित राम केरकेट्टा जिला अध्यक्ष श्रीमती सपना चौहान, नगर पालिक बैकुण्ठपुर के अध्यक्ष अशोक जायसवाल सहित कांग्रेसजनों ने श्रद्धासुमन अर्पित किये। पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. महंत ने कहा कि भौतिक रूप से हमारे बीच आज भले ही बाबूजी नहीं है किन्तु अप्रत्यक्ष रूप से सदैव उनका आशिर्वाद हम पर बना रहता है। उनका पुरा जीवन सादगी और त्याग से परिपूर्ण रहा। उनसे प्रेरणा लेकर हम कठिन लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। डॉ. महंत ने कहा कि बाबूजी ने राजनीति को सेवा कार्य मानते हुए आमजनों के बीच विशिष्ट पहचान बनाई। उनकी कल्पना के कारण बहुत पहले छत्तीसगढ़ राज्य का जो बीजारोपण हुआ था, वह अब हमारे सामने अलग प्रदेश के तौर पर मौजूद है।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने बिसाहूदास महंत को जनप्रिय नेता निरूपित करते हुए उनकी कार्यशैली पर रौशनी डाली। उन्होंने याद दिलाया कि स्व. महंत ने चार बार मध्यप्रदेश में कैबिनेट मंत्री एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में अपनी भूमिका निभाई। उनके कार्य निर्वहन की क्षमता अब भी हमारे लिये प्रेरणास्त्रोत है।
महापौर राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि बिसाहूदास महंत जी ने सादा जीवन उच्च विचार की अवधारणा को जीवंत करते हुए एक बेहतर मिसाल कायम की। हजारों लोग उनसे सिर्फ इसी वजह से प्रेरित हुए। उनके द्वारा मंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष के बतौर किये गये कार्यां से हमें बहुत कुछ सीख लेने की आवश्यकता है।
जिलाध्यक्ष श्रीमती सपना चौहान ने कहा कि भारत गांवों का देश है और गांवों में ही भारत की आत्मा निवास करती है। बिसाहूदास जी ने राजनैतिक कैरियर में ग्रामीण क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और पुरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ उच्च मूल्यों के आधार पर राजनीति करते हुए अलग पहचान बनाई।
उप सभापति सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल ने कहा कि स्व. बिसाहूदास महंत जी छत्तीसगढ़ के माटी के लाल बहादुर एवं जन सेवक थे। हाथ करघा से निर्मित कोसा वस्त्र उद्योग को अन्तर्राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का श्रेय भी बिसाहू दास महंत जी को जाता है।
इस अवसर पर विधायक मोहित राम केरकेट्टा, सभापति श्यामसुंदर सोनी, सुरेश कुमार सहगल, हाजी अकलाख खान, बीएन सिंह, हरीश परसाई, महेश भावनानी, मुकेश राठौर, श्रीमती कुसुम द्विवेदी, धरम निर्मले, अनुज जायसवाल, रमेश जायसवाल, सत्येन्द्र वासन, संतसेवक गुप्ता, अर्चना उपाध्याय, सुखसागर निर्मलकर, प्रदीप राय जायसवाल, भावना जायसवाल, दिनेश सोनी, महेश अग्रवाल, अजय जायसवाल, ठाकुर प्रसाद अकेला, विनोद अग्रवाल, हाकिम खान, राजेन्द्र मेहता, विकास डालमिया, आर पी जायसवाल, अशोक जायसवाल, गीता महंत, ममता अग्रवाल, प्रशांत सिंह, सुनील त्रिपाठी, राजेश यादव, शंकर मुखर्जी, रामपुर के पूर्व विधायक श्याम लाल कंवर, ठाकुर आशीष सिंह बिलासपुर, कोरिया से प्रदीप गुप्ता, चाम्पा से धीरेन्द्र, बेलतरा से त्रिलोक श्रीवास, ठाकुर गुलजार सिंह, अजीत दास महंत, विशेशर अग्रवाल, तारा सिंह मरकाम, एफ डी मानिकपुरी, महेन्द्र थवाईत, एस मुर्ति, धनेश्वर साहू, द्रौपती तिवारी, रूपा मिश्रा सहित क्षेत्र से भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे।

    Google search engine

    Google search engine
    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments