
कोरबा(खटपट न्यूज़)। पुराने विवाद में पत्नी पर जानलेवा हमला करने व उसे मृत समझ कर फरार हुए पति को रिपोर्ट के 12 घण्टे के भीतर ही गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रार्थिया श्रीमती गीता बरेठ पति समायन बरेठ 39 वर्ष ग्राम नवापारा कोथरी नाका थाना उरगा के द्वारा 31 मार्च को देर रात्रि रिपोर्ट दर्ज करायी गयी कि 28 मार्च को अपने पति व अपने दोनो बच्चों के साथ अपने जेठ के बेटा-बेटी का विवाह तय होने जाने से विवाह में खरीददारी व घरेलू कार्य में सहयोग हेतु कुआंभट्ठा आये थे। 31 मार्च को सामान खरीदकर कुआभट्ठा वापस आने के बाद रात्रि में पति समायन बरेठ के साथ टीव्ही देख रही थी कि जेठ, जेठानी और बच्चे कमरे के बाहर थे। पति ने पुराने घरेलू विवाद को लेकर अचानक गुस्से में आकर पीड़िता को जान से खत्म करने की नीयत से पास में रखे सब्जी काटने के चाकू से पत्नी के सिर, गला, पेट, कंधा के सामने हिस्से में प्राण घातक हमला कर गम्भीर चोट पहुंचाया। चाकू से हमला करने के बाद पत्नी को मृत समझकर वहां से भाग गया। जेठ- जेठानी द्वारा घायल को त्वरित जिला चिकित्सालय में भर्ती कर चौकी मानिकपुर में रिपोर्ट दर्ज करायी गयी। रिपोर्ट पर धारा 307 भादवि कायम कर विवेचना में लिया गया। चौकी प्रभारी एसआई मयंक मिश्रा ने कोतवाली टीआई निरीक्षक रामेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में टीम के साथ त्वरित कार्यवाही करते हुए फरार आरोपी समायन बरेठ पिता स्व. सुकलाल बरेठ उम्र-38 वर्ष निवासी नवापारा कोथरी नाका थाना उरगा को रिपोर्ट कायमी के 12 घंटे भीतर घेराबंदी कर मोतीसागर पारा क्षेत्र से हिरासत में लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू को जप्त किया गया। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेशानुसार रिमांड पर जेल भेजा गया।
उक्त कार्यवाही में चौकी प्रभारी मानिकपुर मयंक मिश्रा, प्रधान आरक्षक गोविंद सिंह, संतोष सिंह, आरक्षक आलोक टोप्पो, अशोक पाटले, संजय साहू, यशवंत दिवाकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।















