
रायपुर(खटपट न्यूज़)। नया रायपुर में किसान आंदोलन के दौरान 68 वर्षीय किसान की मौत ने प्रदर्शन करने वाली किसान समिति की व्यवस्था पर सवाल उठा दिए हैं। शुक्रवार को राजधानी में आंदोलन स्थल पर किसान की तबीयत बिगड़ने के बाद आसपास खड़े व समिति के लोग एंबुलेंस से पहले मीडिया को बुलाने की बात करते सुनाई व दिखाई दिए। यह वीडियो वायरल होने के बाद लोगों के बीच चर्चा है कि आख़िर एंबुलेंस की बज़ाय इसके प्रचार को क्यों अहमियत दी गई? इस मामले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुःख व्यक्त करते हुए जांच के निर्देश दे दिए हैं।
ज्ञात हो कि नवा रायपुर से प्रभावित किसानों के द्वारा शुक्रवार को प्रभावितों की किसान कल्याण समिति के बैनर तले प्रदर्शन किया गया। पैदल मार्च करते हुए किसान नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण मुख्यालय परिसर से मंत्रालय की ओर आगे बढ़े थे कि पुलिस ने उन्हें पहले रोक दिया। किसान यहां धरने पर बैठ गए इस दौरान 68 वर्षीय किसान सियाराम पटेल कि एकाएक हालत बिगड़ गई और बेहोश होकर गिर पड़े। ग्राम बरौदा निवासी किसान को अस्पताल ले जाने की बजाय सड़क किनारे पड़े रहने दिया गया और एंबुलेंस बुलाने की बजाय तथा किसी साधन से अस्पताल पहुंचाने की जगह मीडिया को तलाशा जाता रहा।घटनाक्रम को लेकर कुछ अलग तस्वीर पेश करने की समिति की कोशिशों के बीच किसान की हालत बिगड़ती गयी और दम तोड़ दिया। आनन-फानन में जब किसान को अस्पताल ले जाया गया तो चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। खबर मिलने पर मृतक का पुत्र हीरालाल पटेल अस्पताल पहुंच चुका था।
0 प्रशासन ने बनवाये थे 27 काउन्टर
बताया गया कि किसान समिति के द्वारा नया रायपुर क्षेत्र के किसानों को फ़ॉर्म जमा करने के नाम से बुलाया गया था। प्रशासन ने सुविधा के लिए प्रत्येक गाँव के लिए अलग-अलग कुल 27 काउंटर भी बना दिए थे। कई किसान फार्म जमा करने भी लगे थे परंतु समिति अध्यक्ष रुपन चंद्राकर के द्वारा किसानों को फार्म जमा करने से मना कर धरने पर बैठने कहा गया जिससे अनावश्यक विलंब होता रहा। रुपन को भाषण देना था, कुछ दूसरे क्षेत्र के नेता को भी उसने धरना स्थल पर बुला कर भाषण दिलवाना था, जो उसने कराया। इस बीच 68 वर्षीय किसान जो फार्म लेकर आया था, उसकी तबियत ख़राब होने से मृत्यु हो गयी।
0 मुख्यमंत्री ने मृत किसान के बेटे से की बात
इधर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज मृत किसान स्व. सियाराम पटेल के बेटे से फोन पर बात कर दुःख व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने मुआवजा सम्बंधी मामले पर अपर मुख्य सचिव को जांच के निर्देश दिए । श्री बघेल ने कहा कि वे इस दुःख की घड़ी में मृत किसान परिवार के साथ हैं और परिवार की हर संभव सहायता की जाएगी।
https://youtube.com/shorts/TagZo6bl2f8?feature=share















