Friday, March 27, 2026
Home कोरबा शर्मनाक: रिश्ते में फूफा और ममेरे भाई ने लूट ली मासूम की...

शर्मनाक: रिश्ते में फूफा और ममेरे भाई ने लूट ली मासूम की अस्मत

कोरबा (खटपट न्यूज)। रिश्तों को तार-तार करते हुए दो युवकों ने अपने ही घर के मासूमों को हवस का शिकार बनाया। एक बालिग युवक ने रिश्ते में भतीजी की इज्जत को तार-तार किया तो वहीं ममेरे भाई ने महज 8 साल की मासूम को अपनी गंदी नीयत का शिकार बनाया। ये दोनों घटनाक्रम इस बात के लिए चिंता की लकीर खींचने वाली है कि आखिर लड़कियां सुरक्षित कहां हैं?
शर्मशार करने वाली घटना में दीपका थाना क्षेत्र में एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाली 11 साल की लड़की के साथ उसके फूफा 21 वर्षीय युवक ने दुष्कृत्य को अंजाम दिया। पीड़िता शनिवार को बाजार गई थी जहां से घर लौटते वक्त रास्ते में युवक मिला और घर छोड़ने की बात कहकर अपने साथ ले गया। सूने रास्ते में झाबर से पहले एक खंडहरनुमा मकान में लड़की को ले जाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। घर पहुंचकर लड़की ने रोते-बिलखते हुए घटना की जानकारी दी जिसके बाद थाना पहुंचकर रिपोर्ट लिखाई गई। दीपका थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तत्काल कार्यवाही कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। धारा 376 (2)च भादवि तथा पाक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत जुर्म दर्ज कर आरोपी को जेल दाखिल करा दिया गया।
एक अन्य घटना में सीएसईबी पुलिस सहायता केन्द्र क्षेत्र अंतर्गत मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रहे किशोर द्वारा मामा की साढ़े 8 वर्षीय बेटी के साथ घर में सूनेपन का फायदा उठाकर नीयत गलत की जाती रही। लगभग 2 महीने से ममेरा भाई गंदा काम कर रहा था लेकिन अबोध बच्ची इन सबसे अनजान थी। 2 दिन पहले किसी तरह से बच्ची के परिजन को आभास हुआ और जब उसे भरोसे में लेकर पूछा गया तो उसने सारी बात बता दी। परिजन ने कल पुलिस के पास पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराया। परिजनों के थाना आने की सूचना मिलते ही आरोपी घर से भाग निकला। धारा 354, 376 (2) (ढ़) भादवि तथा पाक्सो एक्ट की धारा 10, 5 एल, 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।

Advertisement Carousel