
कोरबा(खटपट न्यूज़)। मितानिन के द्वारा वार्ड में निवासरत महिलाओं के प्रसव के दौरान उन्हें डरा-धमकाकर पैसा वसूलने की शिकायत करने पर भाजपा के पार्षद के कार्यालय में घुसकर मितानिन और उसके पति ने मारपीट एवं जान से मारने की धमकी की घटना को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक यह घटना नगर पालिक निगम क्षेत्र के वार्ड क्र.-8 इमलीडुग्गू के पार्षद सुफल दास महंत के साथ 25 फरवरी को शाम 5.30 बजे घटित हुई। पार्षद सुफल दास अपने कार्यालय में बैठकर सामाजिक कार्य निपटा रहे थे कि इस दौरान रेस्ट हाउस मोहल्ले की मितानिन प्रभा कुर्रे अपने पति दिनेश कुर्रे के साथ पहुंची और गाली-गलौज कर एससी कास्ट से आने की बात कहते हुए फर्जी केस में फंसा देने की बात कह जान से मारने की धमकी देने लगी। मितानिन ने पार्षद के साथ मारपीट किया।

पार्षद ने बताया कि कुछ दिन पहले वार्डवासियों ने मितानिन के खिलाफ पैसा वसूलने की शिकायत की थी जिस पर सीपीएम अशोक सिंह को फोन के माध्यम से जानकारी दिया गया था लेकिन किसी प्रकार की कार्यवाही स्वास्थ्य विभाग द्वारा नहीं की गई। इधर पार्षद सुफल दास के साथ मारपीट की घटना की खबर मिलते ही नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल सहित भाजपा के पार्षद कार्यवाही की मांग करते हुए कोतवाली पहुंचे। कोतवाली टीआई रामेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले से पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल को अवगत कराया गया एवं उनके मार्गदर्शन में आरोपी प्रभा कुर्रे व दिनेश कुर्रे के विरुद्ध धारा 294, 506, 323, 186, 332, 452, 34 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।















