
कोरबा-करतला(खटपट न्यूज़)। पिछले वर्ष सर्पदंश से एक मवेशी की मौत हो जाने के मामले में मवेशी के पालक किसान ने सहायता राशि के लिए आवेदन किया है। उसके इस आवेदन/प्रतिवेदन पर पटवारी का हस्ताक्षर अनिवार्य है। इस हस्ताक्षर के एवज में 15000 रुपए की मांग पटवारी द्वारा करने का आरोप मवेशी मालिक श्यामलाल मांझी ने लगाया है। करतला तहसील अंतर्गत ग्राम जामपानी निवासी श्यामलाल मांझी पिता समारू राम मांझी के मवेशी को 9 नवंबर 2021 को सर्प ने डस लिया था। सर्पदंश से होने वाली मौत के एवज में शासन से प्राप्त होने वाली सहायता राशि की दरकार श्यामलाल को है। उसने इसके संबंध में आवेदन के साथ ही अन्य तमाम तरह के दस्तावेज एकत्रित कर लिए हैं किंतु पटवारी का हस्ताक्षर नहीं हो पा रहा है। पटवारी द्वारा फर्जी आवेदन बताया जाकर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया गया, बाद में 15000 रुपये की मांग की जा रही है। पटवारी के पति पर भी पीड़ित श्यामलाल ने आरोप लगाए हैं। पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर के साथ-साथ अतिरिक्त तहसीलदार करतला से भी की गई है। गौरतलब है कि श्याम लाल मांझी ने रुपए मांगने और पैसे देने पर ही हस्ताक्षर करने की शिकायत 10 जनवरी 2022 को भी कलेक्टर से की थी लेकिन 1 माह बीत जाने के बाद भी कोई राहत नहीं मिलने पर पुनः शिकायत किया गया है
















