कोरबा (खटपट न्यूज)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के महाप्रबंधक आलोक कुमार शुक्रवार को स्पेशल सेलून से कोरबा पहुंचे। जीएम आलोक कुमार ने पूरे कोरबा स्टेशन का बारिकी से निरिक्षण किया। यात्री सुविधाओं को लेकर जीएम काफी गंभीर नजर आए और साफ-सफाई, पानी की सुविधा सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर उन्होंने विशेष जोर दिया।

वार्षिक निरिक्षण के तहत कोरबा पहुंचे एसईसीआर के जीएम ने सुनालिया नहर फाटक पर अंडर ब्रिज बनाने की स्वीकृति दे दी है। इमलीडुग्गू रेलवे फाटक पर भी ओव्हर ब्रिज बनाने की हरी झंडी मिल गई है और भी कई सारे प्रस्ताव रेलवे जीएम को दिए गए हैं जिन पर जल्द विचार करने का आश्वासन उन्होंने दिया है।
0 रेल सुविधाओं के लिए जीएम से मिला प्रतिनिधिमंडल
रेल सुविधाओं के लिए लगातार आंदोलनरत एवं प्रयासरत रेल संघर्ष समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने रेलवे जीएम से रामपुर विधायक वरिष्ठ आदिवासी नेता ननकीराम कंवर की अगुवाई में मुलाकात कर मांगों का ज्ञापन सौंपा। चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से भी यात्री ट्रेनों का परिचालन पूर्ववत बहाल करने, स्टेशन में विभिन्न तरह की आवश्यक सुविधाओं का विस्तार करने एवं सुविधाएं प्रारंभ करने की मांग संबंधी पत्र रेलवे जीएम को सौंपा गया। अन्य लोगों के द्वारा भी अपनी मांग जीएम के समक्ष रखी गई है। कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्स्ना चरणदास महंत की ओर से उनके प्रतिनिधि हरीश परसाई के द्वारा भी मांग पत्र थमाया गया। अब देखना यह है कि वर्षो से उपेक्षित होते आ रहे कोरबा में रेल व यात्री सुविधाओं की वृद्धि, यात्रियों को होने वाली समस्याओं का निराकरण करने के प्रति जीएम किस तरह का गंभीर रवैया अपनाएंगे?
00 सत्या पाल 00(7999281136)















