कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक की त्वरित कार्यवाही और पहल से पीड़ित बेवा महिला को उसकी डूबती रकम वापस मिल गयी। थाना-चौकी का चक्कर लगाए बिना और लंबी कानूनी लड़ाई में उलझने से बचाते हुए रुपये वापस दिलाने पर पीड़िता ने एसपी को थैंक्यू कहा।

कोरबा(खटपट न्यूज़)। पुलिस जनदर्शन के दौरान अनुसूईया साहू ने शिकायत की थी कि अनुसूईया साहू के पति ने अपने जीवन काल में एमपी नगर कोरबा में स्थित 2 मकान खरीदने हेतु केके दुबे एवं रुकमणी दुबे से सौदा किया था। पति की मृत्यु हो जाने के कारण मकान को नहीं खरीद सके। मकान खरीदी के एवज में लगभग 15 लाख रुपए एडवांस में दुबे परिवार को दिए गए थे, जिसे दुबे परिवार वापस नहीं कर रहा है। पुलिस अधीक्षक द्वारा शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए अपने मातहतों के माध्यम से दोनों पक्षों को तलब कर समझाइश दिया गया। पुलिस अधीक्षक के समझाइश पर दुबे परिवार रकम लौटाने हेतु तैयार हो गया और दोनों ने आपस में हिसाब कर कुल 14 लाख 52 हजार रुपए का लेनदेन होना बताया । दुबे परिवार ने अनुसुईया साहू को चेक में माध्यम से पूरा रकम वापस कर दिया है। रकम वापस प्राप्त होने पर श्रीमती अनुसुइया साहू ने पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल का आभार व्यक्त करते हुए रकम वापस कराने के लिए धन्यवाद कहा।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा आम जनता की समस्याओं को सुनकर त्वरित निराकरण करने हेतु सभी जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षकों को जनदर्शन लगाने हेतु निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल द्वारा मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनदर्शन लगाकर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव के कारण वर्तमान में वर्चुअल जनदर्शन शुरू किया गया है। पुलिस अधीक्षक द्वारा मोबाइल नम्बर 9479279973 जारी किया गया है जिस पर कॉल कर एवं व्हाट्सअप के माध्यम से पीड़ित पक्ष अपनी समस्यांए बताते हैं जिस पर पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यवाही कराया जा रहा है।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)















