Wednesday, March 25, 2026
Home कोरबा कोरबा:जनता के बीच पुलिस 24 घंटे,SP भोजराम की पहल

कोरबा:जनता के बीच पुलिस 24 घंटे,SP भोजराम की पहल

कोरबा(खटपट न्यूज़)। जिले में पदस्थापना के बाद से जनहितैषी, सामुदायिक और बेसिक पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए नवाचार कर रहे पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने एक नई पहल की है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा अनुरूप व शीर्ष निर्देश पर जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं से रूबरू होते हुए निराकरण के लिए एसपी कार्यालय से लेकर अनुविभाग व थाना स्तर तक जनदर्शन लगाया जा रहा है। खाकी के रंग-स्कूल के संग, संगी-संगिनी अभियान, विभिन्न आयोजनों के जरिए सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत कर जनता में विश्वास उत्पन्न किया जा रहा है।
थाना व चौकियों में व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने के साथ ही शहर की सुरक्षा व्यवस्था को भी पुख्ता करने पर पुलिस अधीक्षक का विशेष जोर है। बीट सिस्टम को सक्रिय करने के साथ जगह-जगह अस्थायी पुलिस सहायता केन्द्र भी बनाए गए हैं। इसी कड़ी में विजिबल पुलिसिंग के साथ-साथ शहर में पुलिस की 24 घंटे उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके पूर्व थाना-चौकी में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी शहर में गश्त पेट्रोलिंग किया करते थे किंतु अन्य कार्यों में व्यस्त होने के कारण कभी-कभी कर्मचारियों की कमी से पेट्रोलिंग नहीं हो पा रही थी।
एसपी भोजराम पटेल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ कर्मचारियों को सप्ताह में 1 दिन ड्यूटी लगाने का आदेश दिया गया है। इस आदेश के पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ 4-4 कर्मचारी रोस्टर के अनुसार रविवार से शनिवार तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक शहर में पैदल पेट्रोलिंग करेंगे। श्री पटेल ने बताया कि अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ कर्मचारी बेसिक पुलिसिंग की ओर समय नहीं दे पाते हैं, आम जनता से मेल-मिलाप कम होने के कारण उन्हें शहर की घटनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी नहीं मिल पाती है। इस आदेश के बाद कार्यालय के कर्मचारी भी शहरों में ड्यूटी करेंगे जिससे उन्हें अनुभव के साथ-साथ बेसिक पुलिसिंग के क्षेत्र में भी जानकारी होगी।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel