Saturday, March 28, 2026
Home कोरबा अवैध रेत पर सीएम सख्त: कलेक्टर-एसपी होंगे जिम्मेदार

अवैध रेत पर सीएम सख्त: कलेक्टर-एसपी होंगे जिम्मेदार

रायपुर/कोरबा(खटपट न्यूज़)। प्रदेश के विभिन्न जिलों में रेत का अवैध उत्खनन के बढ़ते मामलों और कार्यवाही नहीं होने की घटनाओं को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सख़्त कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने ट्वीट कर अवैध रेत उत्खनन के विरुद्ध सख़्त कार्यवाही के निर्देश देते हुए कहा है कि कार्यवाही न होने पर अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही होगी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि इसके लिए जिले के कलेक्टर-एसपी की व्यक्तिगत ज़िम्मेदारी होगी।
गौरतलब है कि अवैध रेत के मामले में कोरबा जिला भी काफी चर्चित है। यहां रेत घाटों के आवंटन मामले में जहां काफी अनियमितता बरतने की शिकायतें सामने आती रही हैं वहीं नदी क्षेत्र में ही ठेकेदार को खनन के साथ-साथ भंडारण की अनुमति भी देने का मामला सुर्खियों में रहा है। कोरबा जिले में यह ऐसा अनूठा मामला है जहां नियमों के विपरीत जाकर पानी के नीचे ही रेत भंडारण के अनुमति भी दे दी गई है जो कि नियमतः रेत घाट से बाहर और लगभग 100 मीटर की दूरी पर होना चाहिए। जिले का सीतामढ़ी मोती सागर पारा स्थित रेत घाट इस मामले में नियमों के उल्लंघन की नजीर बना हुआ है। इसके अलावा अवैध तरीके से जिले में लगभग 15 घाट संचालित हो रहे हैं जहां से हर दिन बेधड़क होकर रेत निकाली जा रही है। कटघोरा क्षेत्र का ग्राम जुराली स्थित उच्च क्षमता वाले पुल का पाया रेत के अवैध खनन कर्ताओं के कारण क्षतिग्रस्त हो चुका है। जिले के अन्य उच्च क्षमता वाले पुल-पुलिया भी इन रेत के चोरों के कारण खतरे के दायरे में हैं। पुल-पुलिया के खंभों के आसपास रेत खोदने की मनाही है लेकिन इसका कहीं भी पालन होता नहीं दिख रहा और ना ही पालन कराने में मानव बल की कमी से जूझ रहा अमला गंभीरता से ध्यान दे रहा है।
विगत दिनों ही रेत के मामले में कार्रवाई होने पर एक युवक कुसमुंडा थाना के गुंडा बदमाश ने कोतवाली परिसर में पहुंचकर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल कर आग लगाने की कोशिश भी की। हालांकि उसे त्वरित कार्रवाई कर जेल दाखिल करा दिया गया लेकिन इस तरह की घटना यह बताने के लिए काफी है कि अवैध कारोबारी किस तरह से पुलिस और प्रशासन पर दबाव बनाकर अपना काम करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा जारी निर्देश और अवैध रेत के मामलों में कलेक्टर-एसपी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय करने के बाद उम्मीद है कि जिले में रेत के अवैध कारोबार पर अंकुश लगेगा।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel