
0 समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलेंगे : आरिफ खान
कोरबा(खटपट न्यूज़)। सुन्नी मुस्लिम जमात कोरबा की बैठक मेमन जमात खाना में समाज के सभी लोगों की उपस्थिति में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से 3 वर्ष के लिए आरिफ खान अध्यक्ष, मिर्जा सरवर बेग सचिव, कोषाध्यक्ष नौशाद खान, कार्यकारी अध्यक्ष रफीक मेमन, हकीम खान एवं संरक्षक मकबूल खान को चुना गया।

इसके बाद प्रेस क्लब तिलक भवन में पत्रवार्ता आहूत कर शनिवार को नए अध्यक्ष ने योजनाओं पर रौशनी डाली। उन्होंने बताया कि कमेटी ने समाज को आगे बढ़ाने, शिक्षा व आर्थिक पिछड़ेपन को दूर करने के लिए प्रमुखता से प्रयास करने, शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को कैरियर गाइडेंस और होनहार बच्चों को पढ़ने में आ रही दिक्कतों को दूर कर उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास करने, कौम में फैली बेरोजगारी और छोटे छोटे व्यवसाय करने वाले लोगों को उनकी जीविकोपार्जन को सुधारने और आगे बढ़ने में मदद करने पर जोर दिया है। प्रत्येक वर्ष गरीब बच्चियों के सामूहिक विवाह का कार्यक्रम कराने, स्वास्थ्य के क्षेत्र मे समाज के गरीब तबके के लोगों की दिक्कतों को दूर करने का भी हर संभव प्रयास किये जाने के साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निवास करने वाले मुस्लिम समाज के लोगों की समस्याएं दूर कर हर क्षेत्र में समाज को कैसे बेहतर बनाया जा सके, इसका प्रयास किये जाने का निर्णय लिया गया। वनांचल के मुस्लिम बच्चों को भी शिक्षा प्रदान करेंगे। रोटी-बेटी का भी आदान-प्रदान करेंगे। इसके लिए जिले भर में मुस्लिम समाज के लोगों का सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सर्वे कराया जा कर बुक तैयार कराई जायेगी। कटघोरा से आये अमन हसन ने कहा कि जमात बेहतर काम करेगा। पूरे जिले को 6 जोन में बांटकर प्रभारी बनाये जाएंगे। टीम के विस्तार में हर क्षेत्र को तवज्जो दी जाएगी।
0 पहले का पंजीयन नंबर मछुआ समिति के नाम पर मिला
एक सवाल के जवाब में आरिफ खान ने बताया कि इन सभी बातों को विचार करते हुए सुन्नी मुस्लिम जमात कोरबा के नाम से एक नया पंजीयन कराया गया जिसका पंजीयन क्रमांक 12220215941 है। पूर्व में लगभग 1990 में समाज के बुजुर्ग लोगों ने मध्यप्रदेश शासन में सुन्नी मुस्लिम जमात के नाम से एक पंजीयन कराया था परंतु छत्तीसगढ़ राज्य अलग होने के बाद उस पंजीयन को नियमतः राज्य में पंजीकृत नहीं कराया गया। उक्त पंजीयन निरस्त हो चुका था। उसी निरस्त पंजीयन नम्बर का उपयोग कर समाज के कुछ लोग के द्वारा संस्था का संचालन किया जा रहा था। निरस्त क्रमांक 24875 से पंजीकृत होना बताए जा रहे सुन्नी मुस्लिम जमात के पंजीयन का पता लगाने पर इस नंबर से मछुआ सेवा सहकारी समिति, खरकेना जिला जांजगीर-चाम्पा का पंजीयन होना पता चला जो सितम्बर 2014 से है। इसके बाद इसी नाम से ही नया पंजीयन कराया गया है।
0 पूर्ण रूप से गैर राजनीतिक है यह समिति
आरिफ खान ने बताया कि सुन्नी मुस्लिम जमात पूर्णतः गैर राजनीतिक संगठन है। राजनीतिक रोटी सेंकने से गुरेज रहेगा। विघटनकारी शक्तियों को दरकिनार कर समाज के सभी वर्गों को शहर से लेकर गांव तक एकजुट करने का काम करेंगे। शरीयत के दायरे में रहकर समाज को आगे बढ़ाने की दिशा में काम किये जाने, समाज के युवाओं की टीम के माध्यम से विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का संचालन किये जाने का निर्णय लिया गया है। आपसी भाईचारा और सौहार्द्र के साथ समाज हित में काम करने के लिए जमात प्रतिबद्ध है।
0 हाजी अखलाक ने जताई आपत्ति, दिया बयान

इधर दूसरी तरफ प्रेसवार्ता के कुछ ही देर बाद पहले के सुन्नी मुस्लिम जमात के सदर हाजी अखलाक खान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि उन्हें इस बात की जानकारी हुई है कि सुन्नी मुस्लिम जमात के नाम से 20/ 12 /2021 को सुन्नी मुस्लिम जमात के नाम से एक और संस्था का पंजीयन हुआ है। इस नई कमेटी के द्वारा पुरानी कमेटी पर लोगों को भ्रामक जानकारी देकर गुमराह किया जा रहा है। हमें नए संस्थान के पंजीयन की जानकारी होने के पश्चात सहायक पंजीयक फर्म्स एवं संस्थाएं बिलासपुर संभाग को इस नई संस्था को सुन्नी मुस्लिम जमात के नाम से पंजीयन निरस्त करने हेतु आवेदन दिया गया था ।आपत्ति के पश्चात सहायक पंजीयक ने समिति के नाम में आंशिक परिवर्तन कर संशोधन प्रस्ताव अपलोड करने के संबंध में 3 जनवरी 2022 को सुन्नी मुस्लिम जमात कोरबा रॉक बॉटम शारदा विहार रेलवे क्रॉसिंग पावर हाउस रोड कोरबा के अध्यक्ष एवं सचिव को सूचना भेजा गया है। मिलते जुलते नाम से बनाई गई नई कमेटी का पंजीयन निरस्त करने की कार्यवाही की चेतावनी सहायक पंजीयक अजय चौबे के द्वारा दी गई है ।सुन्नी मुस्लिम जमात कोरबा के सदर हाजी अखलाक खान ने कहा कि जमात हमेशा से मुस्लिम समाज के हित में काम करता आया है लेकिन गलत जानकारियां पेश की जा रही है। हमारी संस्था जो 1990 से पंजीकृत है हमेशा से ही समाज के हित में कार्य करती चली आ रही है।
00 सत्या पाल 00(7999281136)















