
रायपुर। सोमवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के यह कहने कि ‘हम तीसरी लहर की ओर बढ़ रहे हैं’ प्रशासनिक हरकतें तेज हो गईं हैं। तो वहीं सोमवार को रायपुर में 222 नए मरीजों के मिलने के बाद प्रशासन के माथे पर बल पड़ गया है। महज चार दिनों के भीतर रायपुर में 436 नए मरीज मिले हैं, जिसे देखते हुए रायपुर कलेक्टर ने आपात बैठक ली और पुलिस व निगम को बगैर मॉस्क दिखने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश जारी कर दिया है।
कलेक्टर रायपुर ने स्पष्ट कर दिया है कि बिगड़ते हालात पर नियंत्रण के लिए जरुरी है कि सभी कोविड नियमों का सख्ती से पालन करें। सबसे ज्यादा जरुरी मॉस्क है, जिससे 70 फीसदी नियंत्रण संभव है। कलेक्टर रायपुर सौरभ कुमार ने निगम और पुलिस विभाग को निर्देशित किया है कि शहर में जो कोई भी बगैर मॉस्क के नजर आता है, उसके खिलाफ जुर्माना कार्रवाई किया जाए और अंतिम हिदायत दी जाए।
वहीं कलेक्टर ने अफसरों से भी कह दिया है कि काम में कोई लापरवाही नहीं चलेगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सौंपे गए कार्य को जिम्मेदारीपूर्वक करें। उन्होंने प्रतिदिन कम से कम 4 हजार से अधिक लोगों का कोरोना जांच करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने जरूरत पड़ने पर तत्काल माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने को भी कहा है।















