Friday, March 27, 2026
Home कोरबा डेढ़ माह से लटकी रेत की फाइल,सरकार बदल जाती है इतने समय...

डेढ़ माह से लटकी रेत की फाइल,सरकार बदल जाती है इतने समय में :चावलानी

कोरबा(खटपट न्यूज़)। कोरबा शहर के सीतामढ़ी और गेरवाघाट रेत खदान को अब तक प्रारम्भ नहीं करने व डेढ़ माह से आदेश हेतु फाइल लटकने पर भाजपा नेता अशोक चावलानी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि डेढ़ माह में तो सरकार बदल जाती है, लेकिन एक फाइल आगे नहीं बढ़ सकी है जो गंभीर बात है।
जिले व शहर में चल रहे रेत की कालाबाजारी और प्रशासन द्वारा इस पर गंभीरता से संज्ञान न लिए जाने के विरोध में जिले के भाजपाइयों ने सोमवार को सुभाष चौक में रेत की नीलामी कर प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक चावलानी की अगुवाई में सुभाष चौक पर यह प्रदर्शन किया गया। श्री चावलानी ने कहा कि एक ओर बारिश के बाद 15 अक्टूबर से रेत खदानों पर लगा प्रतिबंध हटा दिया गया है किंतु पूरे प्रदेश में एकमात्र कोरबा ऐसा जिला है जहां रेत खदान बंद है। इस वजह से यहां के लोगों को रेत कई गुना महंगे दर पर खरीदनी पड़ रही है। प्रति ट्रैक्टर रेत की कीमत 491 रुपए निर्धारित है लेकिन 1 हजार रुपए में रेत दी जा ही है जो आम जनता के बीच 3 हजार से 4 हजार रुपए में पहुंच रही है। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी ट्रैक्टर वालों को परेशान करते हैं, उन्हें पकड़ते हैं जबकि बारिश के पहले का स्टाक आज तक खत्म न कर उसे महंगे दर पर बेचने वालों के विरूद्ध कोई कार्यवाही नहीं होती।

प्रशासनिक स्तर पर उन्होंने स्वयं पता किया तो ज्ञात हुआ कि फाइल कलेक्टर के पास रूकी हुई है। श्री चावलानी ने सवाल किया कि जब डेढ़ माह में चुनाव होकर सरकार और मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री तक बदल जाते हैं तो इतने लंबे समय से फाइल अटकने की वजह समझ से परे हैं। उन्होंने कहा कि महंगी रेत की अनुमानित कीमत प्रति किलो 5 रुपए आंकलित कर भाजपा ने 10 रुपए में 3 किलो रेत बेचने और नीलामी का सांकेतिक प्रदर्शन किया है। प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष लखनलाल देवांगन, ज्योतिनंद दुबे, गोपाल मोदी, बद्री अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्तागण शामिल हुए।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel