
0 कोतवाल के नेतृत्व में चौकी प्रभारी ने की तत्पर कार्यवाही
कोरबा(खटपट न्यूज़)। सिटी कोतवाली के सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत टीपी नगर के नया बस स्टैंड में मंगलवार रात जानलेवा हमला करने के मामले में सीएसईबी चौकी पुलिस ने 6 नामजद व अन्य लोगों को आरोपी बनाया है। इन पर बलवा सहित हत्या का प्रयास का अपराध पंजीबद्ध कर एक आरोपी की गिरफ्तारी कर ली गई है। शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जानलेवा हमले में घायल प्रेम स्वामी का अस्पताल में उपचार जारी है वहीं एक अन्य युवक को भी चोटें आई हैं जो प्रेम स्वामी के साथ मौजूद था। घटना के बाद चौकी प्रभारी एसआई आशीष सिंह ने पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल को घटना से अवगत कराया एवं उनके निर्देश पर व कोतवाली टीआई सनत सोनवानी के नेतृत्व में कार्यवाही शुरू की। प्रेम स्वामी की रिपोर्ट पर आरोपियों अतुल मिश्रा, दीप उर्फ गुल्ली नंदा, मंटू चौहान, पिंकू राजन, आदर्श राठौर, ललित ठाकुर व अन्य के विरुद्ध धारा 307, 384, 147, 148, 149, 323, 294, 506 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। एसआई सिंह ने बताया कि एक आरोपी ललित ठाकुर निवासी पंप हाउस को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। दूसरी ओर इस मामले में ललित की रिपोर्ट पर प्रेम स्वामी के विरुद्ध भी धारा 294, 506 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)















