Thursday, March 26, 2026
Home कोरबा आंगनबाड़ी कर्मी धरना देकर मनाएंगे राज्योत्सव, सौपेंगे ज्ञापन

आंगनबाड़ी कर्मी धरना देकर मनाएंगे राज्योत्सव, सौपेंगे ज्ञापन

कोरबा (खटपट न्यूज)। छत्तीसगढ़ प्रदेश सहित कोरबा जिले के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के द्वारा राज्य स्थापना दिवस 1 नवंबर को अपने-अपने जिले में धरना प्रदर्शन कर राज्योत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ता व सहायिका छत्तीसगढ़ी परिधान में नजर आएंगी।

फाइल फोटो

छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ के प्रान्तीय आह्वान पर 8 सूत्रिय लम्बित मांगों में मुख्य रूप से चुनावी घोषणा पत्र के वायदे पूरा करने, केन्द्र और राज्य सरकार से जीने लायक वेतन देने को लेकर यह प्रदर्शन किया जाएगा। संघ विगत डेढ़ माह से संघर्षरत है लेकिन इस संबध में शासन-प्रशासन के द्वारा प्रतिनिधियों से ना तो कोई बात हुई और ना ही मांगों की पूर्ति के लिये कोई आवश्यक पहल किया गया है। इस कारण से बाध्य होकर पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार 1 नवंबर 2021 को प्रत्येक जिला में जिला स्तरीय धरना रैली का कार्यक्रम रखा गया है। संघ की जिला अध्यक्ष वीणा साहू और सचिव लीला धैर्य ने बताया कि धरना प्रात: 11 बजे से घंटाघर चौक में प्रारंभ होगा और इसके बाद जिला कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, केन्द्रीय मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन की महिला बाल विकास मंत्री के नाम मांगों का ज्ञापन सौंपा जाएगा। इन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन हुए 21 वर्ष हो रहा है किन्तु आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका आज भी जीने लायक वेतन की गुहार लगा रही हंै। मध्यप्रदेश में 10 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय मिल रहा है। संघ की प्रान्ताध्यक्ष सरिता पाठक, प्रांतीय संयोजक देवेंद्र पटेल ने समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं से इस धरना को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सफल बनाने अपील की है। संघ ने केंद्र और राज्य सरकार से अपेक्षा जताई है कि अन्य विभागों के कर्मचारियों को दी जा रही सौगातों की तरह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं के भी वेतन वृद्धि सहित लंबित मांगों का निराकरण किया जाए।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel