Friday, March 27, 2026
Home रायपुर कवर्धा हिंसा पर बृजमोहन ने साधा मुख्मंत्री पर निशाना .

कवर्धा हिंसा पर बृजमोहन ने साधा मुख्मंत्री पर निशाना .

रायपुर -पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तुलना रोमन शासक नीरो से की है। मुख्यमंत्री की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जल रहा है और नीरो बंसी बजा रहा है। छत्तीसगढ़ के हालात बेकाबू होते जा रहे हैं और मुख्यमंत्री अपने आला नेताओं को खुश करने के लिए यूपी का दौरा कर रहे हैं। बृजमोहन ने कहा- ‘मैं चेतावनी देते हुए कह रहा हूं कि छत्तीसगढ़ जैसा शांत प्रदेश, जहां सांप्रदायिकता जैसे शब्दों की कोई जगह नहीं थी, वहां हालात बिगड़ेंगे। रायपुर की स्थिति ठीक नहीं है। आने वाले समय में सरकार सचेत हो जाए। प्रदेश में जो अराजकता फैलेगी, वो सरकार के कारण ही होगी।’ अग्रवाल रायपुर के भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बोले रहे थे।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि कवर्धा हिंसा मामले में पूरी तरह से एकतरफा कार्रवाई की गई। सिर्फ बहुसंख्यक समाज से ताल्लुक रखने वाले युवकों को पकड़ा गया। उनके खिलाफ केस किए गए। एक खास समाज को संरक्षण दिया गया। सिर्फ बहुसंख्यक लोगों की गिरफ्तारियां हुई जबकि दूसरी तरफ के लोगों ने झंडे का अपमान किया। 3 अक्टूबर को ही कवर्धा में झंडे की वजह से उपजी हिंसा को रोका जा सकता था। लेकिन सरकार के संरक्षण की वजह से एक खास वर्ग वहां उत्पात मचाता रहा। तहसीलदार और थाने के इंस्पेक्टर सब कुछ चुपचाप देखते रहे। नेता प्रतिपक्ष ने मांग की है कि पूरी घटना की न्यायिक जांच हो, जिन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया उन्हें छोड़ा जाए।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भी गुरुवार की शाम रायुपर में कवर्धा मामले में विरोध प्रदर्शन किया। बूढ़ा तालाब स्थित धरना स्थल के पास कार्यकर्ता जमा हुए। कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार का पुतला भी फूंका । भाजयुमो नेताओं के साथ पुलिस की झड़प भी हुई। पुलिस पुतला जलने से रोकना चाह रही थी। जलता हुआ पुतला सड़क पर लेकर कभी भाजयुमो नेता भाग रहे थे कभी पुलिस। कुछ देर तक चले हंगामे के बाद कार्यकर्ता लौटे। भाजयुमो जिला अध्यक्ष गोविंदा गुप्ता, जिला महामंत्री राहुल राव और मीडिया प्रभारी आकाश तिवारी ने कहा कि प्रदेश की सरकार कवर्धा मामले में नियंत्रण कर पाने में विफल रही। अब इसका खामियाजा आम लोग भुगत रहे हैं। जिम्मेदारों ने अपना काम ठीक तरीके से नहीं किया।

Advertisement Carousel