Friday, March 27, 2026
Home रायपुर सांसद सुनील सोनी का आरोप -प्रदेश सरकार कर रही है चावल घोटाला

सांसद सुनील सोनी का आरोप -प्रदेश सरकार कर रही है चावल घोटाला

रायपुर – भाजपा ने शुक्रवार को राजधानी में प्रदेश में हुए कथित चावल घोटाले के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने रायपुर की अलग-अलग राशन दुकानों के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसद सुनील सोनी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार गरीबों के राशन में गड़बड़ी कर रही है।

सोनी ने आगे कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड-19 के मुश्किल काल को ध्यान में रखते हुए नवंबर महीने तक गरीबों के लिए अतिरिक्त राशन प्रदेश की सरकार को भेजा। मगर इस चावल की सप्लाई लोगों तक नहीं की गई। इससे बड़ा कोई दूसरा भ्रष्टाचार नहीं हो सकता और इससे बड़ा पाप भी नहीं। रायपुर शहर के भाटा गांव विधायक बृजमोहन अग्रवाल भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। काफी देर तक राशन दुकान के बाहर बैठकर ही नेता और तमाम समर्थकों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

रायपुर के भाजपा कार्यालय में हाल ही में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में चावल घोटाले का दावा नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने किया था। कौशिक ने बताया कि सरकार के जवाब के मुताबिक प्राथमिकता समूह के राशन कार्ड पर मई से नवम्बर 2021 तक के लिए 5 किलो प्रति सदस्य के मुताबिक 7 लाख मीट्रिक टन से अधिक चावल का आवंटन मिला, मगर ये जरूरतमंद हितग्राहियों तक पहुंचा ही नहीं। ऐसे राशनकार्ड धारी, जिनके परिवार में 1, 2 या 3 सदस्य हैं उन्हें राशन नहीं मिला। करीब 1500 करोड़ की कीमत का चावल कहां गया। इसकी जांच होनी चाहिए। 11 और 12 अक्टूबर को भी इसी मामले पर भाजपा प्रदेश में विरोध प्रदर्शन करेगी।

Advertisement Carousel