Thursday, August 27, 2026
Home देश-विदेश शराब के नशे में धुत युवक चढ़ा पानी टंकी पर, फिर...

शराब के नशे में धुत युवक चढ़ा पानी टंकी पर, फिर खूब मचाया हंगामा

सतना( खटपट न्यूज़)। पत्नी और ससुराल वालों से विवाद होने पर एक शख्स ने शराब के नशे में खूब हंगामा किया। वह शख्स शराब पीकर पानी की टंकी पर चढ़ गया और चिल्लाना शुरू कर दिया । फिर क्या था देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग उसे नीचे उतरने के लिए मनाने लगे। बिरसिंहपुर कस्बे में कुछ ऐसा नजारा देख लोगों के जहन में सुपर-डुपर हिट फिल्म ‘शोले’ की यादें ताजा कर दी। बार-बार मनाए जाने के बाद भी युवक उतरने को तैयार नहीं हो रहा था। इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। जानकारी के मुताबिक पानी की टंकी में चढ़कर तमाशा करने वाले शख्स का नाम लल्ला फकीर है। लल्ला फ़कीर शराब के नशे में शोले फ़िल्म के वीरु के किरदार में नजर आया। लल्ला शराब पीकर कस्बे में पानी सप्लाई के लिए बनी पानी की टंकी पर चढ़ा हुआ था। टंकी के ऊपर कभी वह बैठ जाता तो कभी टहलने लगता। उसके हाथ में एक रस्सी भी थी। टंकी के ऊपर से जब उसने चिल्लाना शुरू किया तो लोगों का ध्यान उसकी तरफ गया और देखते ही देखते नीचे भीड़ जमा हो गई।

लल्ला से लोग नीचे उतरने को कहने लगे लेकिन वह टंकी पर पांव झूलाते बैठकर चिल्लाता ही जा रहा था। इस घटना की सूचना सभापुर थाना पुलिस को दी गई तो फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। काफी देर तक समझाइश देने के बाद लल्ला नीचे उतरने को तैयार हुआ। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो पता चला कि लल्ला फकीर नाम का शख्स अपनी पत्नी और उसके मायके वालों से परेशान था। पत्नी उसे खुद फोन नहीं कर रही और जब वो फोन करता है तो बात नहीं करती। इस बात पर ही वो खफा था इसलिए पानी की टंकी पर चढ़कर बैठ गया। पुलिस ने लल्ला को पूछताछ के बाद जाने दिया।

Advertisement Carousel