रायपुर/कोरबा(खटपट न्यूज़)। राज्य में कार्यरत अनियमित कर्मचारियों के द्वारा अपने नियमितीकरण सहित चार मांगों के संबंध में 17 व 18 सितंबर 2021 को आंदोलन का ऐलान कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ के बैनर तले यह आंदोलन राजधानी रायपुर में किया जाएगा जहां प्रदेश भर के अनियमित कर्मचारी जुटेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम अनुसार चुनाव के समय कांग्रेस के द्वारा किए गए वादे की याद दिलाने के लिए 17 सितंबर को धरना प्रदर्शन किया जाएगा एवं 18 सितंबर को सीएम हाउस का घेराव करेंगे। अनियमित कर्मचारियों के द्वारा अपने नियमितीकरण के साथ- साथ नौकरी की सुरक्षा, सेवा से पृथक छंटनी किए गए कर्मचारियों की बहाली, वेतन वृद्धि व अन्य मांग इस आंदोलन में शामिल की गई है। छत्तीसगढ़ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेमप्रकाश गजेंद्र सहित तमाम पदाधिकारियों एवं सदस्यों के द्वारा अध्यक्ष के मार्गदर्शन में आंदोलन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समस्त अनियमित कर्मचारियों से अपील की गई है कि वे 17 और 18 सितंबर के आंदोलन में अपने हक की लड़ाई के लिए एकजुट हो ताकि जन घोषणा पत्र में किए गए वादे की याद सरकार को दिलाते हुए इसे पूरा कराया जा सके।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)















