0 तथाकथित नेता का राजनीतिक संरक्षण, दबाव बनाने झूठी शिकायतों का सहारा..?
कोरबा-पसान(खटपट न्यूज़)। सदभाव पत्रकार संघ छत्तीसगढ़ के सदस्य रितेश गुप्ता पिता सुरेश गुप्ता एवं उसके सहयोगी मिथलेश कुमार आयम पिता मानसिंह जो कि पसान क्षेत्र में रहकर पत्रकारिता करते हैं, के द्वारा पसान थानान्तर्गत ग्राम बैरा स्थित बम्हनी नदी से बड़े पैमाने पर रेत का अवैध खनन एवं परिवहन को लेकर इनके द्वारा खबरों का प्रकाशन किया जाता रहा। उक्त खबर में स्थानीय पुलिस की संदिग्ध भूमिका को लेकर भी उल्लेख किया गया था। खबर प्रकाशन के बाद से उक्त खबरों को लेकर रेत चोर, ग्राम बैरा के सरपंच पति ईश्वर आर्मों व पसान थाना प्रभारी (उपनिरीक्षक) प्रहलाद राठौर विद्वैष की भावना से ग्रसित रहने लगे। तथा पूर्व में पत्रकार रितेश गुप्ता को खबर प्रकाशित नही करने डराया- धमकाया भी गया था। जिसके बाद भी खबर प्रकाशन किये जाने से बौखलाए उक्त तीनों द्वारा साठ- गाठ कर पत्रकार एवं उसके सहयोगी के विरुद्ध सुनियोजित तरीके से 05 सितंबर को भयादोहन किए जाने का अपराध दर्ज किया गया।

पत्रकार संघ के सदस्य पर द्वेषपूर्ण झूठे एफआईआर दर्ज किये जाने के मामले को लेकर सदभाव पत्रकार संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश पदाधिकारियों एवं संघ से जुड़े जिले अंतर्गत अन्य क्षेत्रों के पत्रकारों द्वारा 10 सितंबर को जिला मुख्यालय पहुँचकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत पत्र सौंप मांग किया कि रितेश गुप्ता के मामले में थाना प्रभारी पर अनुशासनात्मक कार्यवाही एवं मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए पत्रकार को झूठे मामले से मुक्त करें। न्याय नहीं मिलने पर 15 दिवस उपरांत न्याय के लिए आन्दोलन हेतु बाध्य होने का भी उल्लेख शिकायत पत्र में है। वहीं पत्रकार संगठन बीते 13 सितंबर को बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रतनलाल डांगी से मिला, और उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया साथ ही आवेदन सौंप इस दिशा में निष्पक्ष एवं सही जांच कराए जाने व थाना प्रभारी की कार्यशैली तथा शीर्ष अधिकारियों द्वारा उन्हें दिये जाने वाले दिशा- निर्देशों की अवहेलना पर विभागीय कार्यवाही किये जाने की मांग रखी। जिस पर पुलिस महानिरीक्षक रतनलाल डांगी द्वारा बिना जांच एफआईआर दर्ज करने को लेकर अपनी गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि थानेदार को मामले की पूरी जांच करने के उपरांत ही पत्रकार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करनी चाहिए थी। संघ के पदाधिकारियों को भरोसा दिलाया है कि उक्त मामले में आवश्यक उचित एवं निष्पक्ष जांच कराया जाएगा।
0 अवैध कार्यों में सक्रिय तथाकथित नेता पर्दे के पीछे से करा रहा झूठी शिकायत
पसान क्षेत्र में राजनैतिक संरक्षण व प्रशासनिक उदासीनता का फायदा उठाकर, खनिज-वन विभाग से सांठगांठ कर रेत का खनन व परिवहन सहित लंबे समय से अवैध तौर- तरीको अपनाकर क्रेशर संचालन, जंगलों से गिट्टी तोड़ाई, मुरुम उत्खनन जैसे कार्यों को अंजाम देने के अलावा ग्राम पंचायतों के निर्माण कार्यों में अघोषित ठेकेदारी करने वाले स्थानीय निवासी एवं तथाकथित एक नेता के द्वारा ग्राम पंचायत बैरा स्थित बम्हनी नदी से अवैध रेत खनन की गतिविधि बेरोकटोक जारी है। इसे जारी रखने के लिए थाना प्रभारी/पुलिस से मिलीभगत का आरोप है। एक सुनियोजित तरीके से रितेश गुप्ता को टारगेट कर अपने आपको सही बताने वाले संबंधितों के कामकाज भी जांच कराने की जरूरत पत्रकार संघ ने बताई है। अपने अवैध कार्यों और भ्रष्टाचार को कायम रखने के लिए इस तरह की झूठी शिकायत पत्रकारिता पर दबाव बनाने का प्रयास है जिस प्रवृत्ति पर रोक लगना भी जरूरी है। फिलहाल इस पूरे मामले की गंभीरता पूर्वक सही एवं निष्पक्ष जांच होने के अलावा पसान क्षेत्र में चल रहे अवैध कारोबार पर भी सख्ती से रोक लगाने की महती आवश्यकता है। जिम्मेदार अधिकारियों को चाहिए कि वे कान का कच्चा न होकर नीर-क्षीर विवेचना करें।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)















