0 डॉक्टर्स बियॉन्ड बॉडर्स के चेयरमैन डॉ. दानी की प्रेसवार्ता
कोरबा (खटपट न्यूज) । डॉक्टर्स बियॉन्ड बॉडर्स, रोटरी क्लब एवं नारायणा हॉस्पिटल एमएमआई के तत्वावधान में 28 अगस्त को जिला चिकित्सालय में प्रात: 9 से दोपहर 1 बजे तक नि:शुल्क कैंसर जांच व परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के हर तबके के लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की गई है।

प्रेस क्लब तिलक भवन में पत्रवार्ता आहूत कर डॉक्टर्स बियॉन्ड बॉडर्स कोरबा के चेयरमैन डॉ. जे.के. दानी, डॉ. मंजुला साहू एनएच एमएमआई रायपुर से पवन राठौर और रोटरी क्लब से रजनीश अग्रवाल ने संयुक्त जानकारी दी।
डॉ. दानी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के लिए उसके स्वास्थ्य से बढ़कर कुछ नहीं होता। वर्तमान में असंयमित खानपान और प्रदूषण के चलते व्यक्ति कब कौन सी बीमारी की चपेट में आ जाए, कहा नहीं जा सकता। कैंसर या हृदय की बीमारी चिंता का सबसे बड़े कारण हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रीकॉशन इज़ बेटर दैन क्योर इसलिए लोगों को अपने स्वास्थ्य को लेकर बहुत ज्यादा सतर्क रहने की आवश्यकता है। डॉक्टर दानी ने बताया कि इस शिविर में हर तरह के कैंसर की जांच की जाएगी। अगर शुरुआत में ही कैंसर के प्रथम चरण की जानकारी हो जाए तो इसका उपचार संभव है। लक्षण दिखते ही तत्काल कैंसर की जांच करवानी चाहिए। 28 अगस्त के शिविर में एमएमआई रायपुर के कैंसर सर्जिकल ऑंकोलॉजी डॉ. मौ राय, रेडिएशन ऑंकोलॉजी डॉ.पीयूष शुक्ला और मेडिकल ऑंकोलॉजी डॉ. सिद्धार्थ तुरकर उपलब्ध रहेंगे। डॉ. तुरकर पूर्व में टाटा मेमोरियल कैंसर हॉस्पिटल मुंबई में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रेसवार्ता के दौरान डॉ. संजय अग्रवाल, रोटरी क्लब अध्यक्ष विक्रम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, संजय अग्रवाल, पारस जैन, आशीष अग्रवाल भी उपस्थित थे।















