Monday, March 23, 2026
Home कोरबा छत पर चढ़कर जान बचायी हाथियों से, भगाने गए ग्रामीण और वन...

छत पर चढ़कर जान बचायी हाथियों से, भगाने गए ग्रामीण और वन कर्मियों को दल ने घेरा….


कोरबा-कटघोरा(खटपट न्यूज़)। वनमंडल कटघोरा के केंदई रेंज में हाथियों को भगाने गए ग्रामीणों व वन विभाग के कर्मियों को हाथियों के झुंड ने घेर लिया। किसी तरह घेरे से बाहर निकलकर उन्होंने छत पर चढ़ कर अपनी जान बचाई।

फाइल फोटो

प्राप्त जानकारी के अनुसार वनमंडल कटघोरा के केंदई रेंज अंतर्गत कोरबी सर्किल के खड़फड़ी पारा में 39 हाथियों का झुंड सोमवार रात 3 बजे के लगभग अचानक आ धमका। इसे भगाने के लिए वनकर्मी नागेन्द्र जायसवाल उसके एक अन्य साथी 7-8 ग्रामीणों को लेकर बस्ती से बाहर गए थे। अभी वे वहां पर मौजूद एक -दो हाथियों को ही भगाने की कोशिश कर रहे थे, तभी झुंड में शामिल अन्य हाथी वहां पर पहुंच गए और वनकर्मियों व ग्रामीणों को चारों ओर से घेर लिया। किसी तरह सभी हाथियों के घेरे से बाहर निकले और भाग कर समीप ही स्थित रामा पिता बच्चू के मकान की छत पर चढ़कर अपनी जान बचाई। यहां भी हाथियों ने पीछा नहीं छोड़ा और पहुंचकर मकान तथा छत पर मौजूद वन कर्मियों व ग्रामीणों को दो घंटे तक घेरे रखा। सुबह 5 बजे के लगभग गजराज वाहन का सायरन बजा तो हाथियों ने जंगल का रूख किया तब लोगों ने राहत की सांस ली। इससे पहले हाथियों के झुंड ने सात किसानों की फसल को भी रौंद दिया। उधर पसान रेंज में भी 16 हाथी मौजूद हैं, जो बनिया गांव में लगातार उत्पात मचा रहे है। रविवार की रात भी हाथियों के झुंड ने 50 किसानों के खेत में लगे फसलों को भी नुकसान किया था। हाथियों के लगातार उत्पात तथा फसलों को रौंदे जाने से ग्रामीण काफी परेशान हैं।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel