Friday, March 27, 2026
Home कोरबा कोरबा:अध्यक्ष से पहले झंडा फहरा गए संयोजक, ताली बजाकर लौट आए समर्थक

कोरबा:अध्यक्ष से पहले झंडा फहरा गए संयोजक, ताली बजाकर लौट आए समर्थक

कोरबा-बांकीमोगरा (खटपट न्यूज़)। भारतीय जनता पार्टी में गुटीय राजनीति 1 सप्ताह के भीतर फिर सतह पर दिख गई जब आजादी का जश्न मनाने को लेकर मंडल की तैयारी धरी की धरी रह गई और दूसरे प्रकोष्ठ के संयोजक झंडा फहरा कर चलते बने। निर्धारित समय पर पहुंचे अध्यक्ष और उनके समर्थको ने मायूस होकर दूसरे चौक पर झंडा फहरा कर अपने मन को संतोष दिया।

बांकी मेन चौक पर झण्डारोहण

दरअसल बांकीमोंगरा मंडल में हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस का झंडारोहण समारोह मेन चौक पर मनाया जाता रहा है। परंपरा रही है कि भाजपा के मंडल अध्यक्ष यहां झंडारोहण करते हैं। इस बार भी भाजपा मंडल अध्यक्ष भागवत विश्वकर्मा को प्रातः 8:30 बजे यहां पहुंचकर झंडा फहराना था। इसकी सारी तैयारियां कर ली गई थी लेकिन ऐन वक्त पर राष्ट्रीय पर्व में भी गुटबाजी ने पहले भांजी मार ली। यहां झुग्गी- झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सतीश झा अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और लगभग 8 बजे ही झंडा फहरा कर चलते बने। इधर निर्धारित समय पर मंडल अध्यक्ष और उनके समर्थक यहां आए तो झंडा फ़हर चुका था। बड़ी मायूसी से ही सही पर तिरंगे को सलामी देकर सभी ताली बजाकर वापस लौटे। कुछ देर बाद शक्ति चौक पर मंडल अध्यक्ष और समर्थकों ने झंडा फहराया।

शक्ति चौक पर झंडारोहण करते मंडल अध्यक्ष

भाजपा के स्थानीय सूत्र बताते हैं कि शक्ति चौक में भाजपा के द्वारा राष्ट्रध्वज फ़हराने का यह पहला मौका रहा। इससे पहले तक बांकी मंडल में भाजपा के द्वारा मात्र बांकीमोगरा मेन चौक पर ही झंडा फहराया जाता रहा है। यह स्वतंत्रता दिवस का पहला साल रहा जब भाजपा के पदाधिकारियों को दो-दो जगह झंडे फहराने पड़े। इस बारे में मंडल अध्यक्ष भागवत विश्वकर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो देर शाम उनसे संपर्क हुआ किंतु कहीं चर्चा की व्यस्तता बताकर बात को टाल गए।
बांकीमोगरा मंडल में एक बार फिर गुटबाजी सामने आई है। यह दोनों ही लोग अलग-अलग गुट से वास्ता रखते हैं। हालांकि भाजपा के नेता ऊपरी तौर पर सब कुछ सही होना बताते हैं लेकिन अंदर ही अंदर अलग-अलग ध्रुवों पर चल रहे नेताओं के समर्थकों की कारगुजारी सामने आ ही जाती है। विगत दिनों भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रीमती उमा भारती सराफ ने भी गुटबाजी का आरोप लगाते हुए बांकीमोगरा मंडल की बैठक में मंच पर स्थान नहीं दिए जाने पर रोते-बिलखते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की थी।यह अलग बात है कि संगठन में एकजुटता बताने के लिए उन्होंने देर शाम खंडन भी जारी कर दिया, पर इस खंडन से क्या होगा जब संगठन में अंदरूनी कलह व्यापक पैमाने पर हो।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel