Friday, March 27, 2026
Home कोरबा दल से बिछड़े कमजोर और बीमार हथिनी चलने-फिरने की स्थिति में नहीं,...

दल से बिछड़े कमजोर और बीमार हथिनी चलने-फिरने की स्थिति में नहीं, बार-बार उठ और गिर रही हथिनी

कोरबा (खटपट न्यूज)। जिले के हाथी प्रभावित कोरबा वन मंडल क्षेत्र के पोरिया-अमलडीहा वन परिसर में बुरी तरह से बीमार अवस्था में जमीन पर गिरे पड़े हाथी की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचा वन अमला पूरी सतर्कता के साथ उसकी देखभाल में जुटा हुआ है। वन क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों सहित वहां तैनात वन अमला इस बात को लेकर न केवल पूरी तरह सतर्क है बल्कि वह बीमार हाथी को वह सभी जरूरी चीजें भी मुहैया करा रहा है जो उसके इस मौजूदा हालात के लिए बेहद जरूरी है। जिले के हाथी प्रभावित क्षेत्र में अपने झुंड से बिछड़े हुए बीमार हाथी की जानकारी मिलने के बाद डीएफओ कोरबा वन मंडल श्रीमती प्रियंका पांडेय के निर्देश पर वन कर्मियों द्वारा सामूहिक प्रयास से बीमार हाथी को रस्सा और बांस के सहारे न केवल पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है बल्कि आवश्यक देखभाल और खान-पान की व्यवस्था के साथ उसे बचाने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। वन आच्छाछित पोरिया-अमलडीहा वन परिसर पहुंचकर कोरबा डीएफओ श्रीमती प्रियंका पांडेय ने रेंज में बीमार पड़े हाथी की लगातार कमजोर होती स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद वन कर्मियों को इलाज संबंधी कुछ आवश्यक निर्देश भी दिए। श्रीमती पांडेय ने बताया कि बीमार हुई हाथी की तिमारदारी के बाद स्थिति नियंत्रण में होती जरूर दिख रही है लेकिन बीमार स्थिति में काफी कमजोर होने के कारण वह अभी चलने-फिरने की स्थिति में नहीं है। इस बाबत मौके पर मौजूद डाक्टरों की टीम द्वारा सतत् रूप से निगरानी की जा रही है।

Advertisement Carousel