Thursday, March 26, 2026
Home कोरबा कांग्रेस विधायक से भाजयुमो का मोह, किया स्वागत.. हो रही किरकिरी….

कांग्रेस विधायक से भाजयुमो का मोह, किया स्वागत.. हो रही किरकिरी….

कोरबा-कटघोरा (खटपट न्यूूज)। राजनीति के दो विपरीत ध्रुव कांग्रेस और भाजपा के नेताओं ने लाभ के अवसरों को निरंतर बनाए रखने के लिए संगठन और उसके नियम-कायदों को दरकिनार कर दिया है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण पोड़ी-उपरोड़ा में देखने को मिला जहां कांग्रेस विधायक मोहितराम केरकेट्टा ने प्रमुख विपक्षी दल भाजपा के अनुषंगी संगठन भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों से अपना स्वागत करवाया।

पोड़ी-उपरोड़ा जनपद कार्यालय के समक्ष उनका स्वागत करने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा के कटघोरा मंडल अध्यक्ष समजीत सिंह और स्थायी आमंत्रित सदस्यों में शामिल कोरबा प्रशिक्षण प्रमुख कटघोरा निवासी अनुराग दुहलानी उमड़ पड़े। मुख्यमंत्री अधोसंरचना एवं उन्नयन विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद श्री केरकेट्टा के क्षेत्रीय दौरे पर यह नजारा आम हुआ। विधायक इसे स्वागत की होड़ में एकाएक हो जाने वाली घटना भी नहीं बता सकते क्योंकि बड़े प्रेम से माला गले में डलवाने के बाद भाजयुमो नेता अनुराग दुहलानी के साथ फोटो भी खिंचवाया। भाजयुमो मंडल अध्यक्ष समजीत सिंह भी माला लेकर स्वागत करने उत्सुक दिखे। यदि क्षेत्रीय विधायक होने के नाते ही सही, उनका स्वागत किया गया तो यह स्वस्थ परम्परा विपक्ष के सभी नेताओं/पदाधिकारियों को शुरू करना चाहिए।

0 पार्टी की बैठकों में दिखती है गुटबाजी
कटघोरा के भाजपा नेताओं ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि संगठन की बैठकों में भी भाजयुमो के नए पदाधिकारी गुटबाजी को बढ़ावा देते हैं। विगत दिनों पार्टी की कामकाजी बैठक हुई जिसमें भाजयुमो के पदाधिकारी नजर नहीं आए और अपने समर्थकों को भी नहीं भेजा। गुटबाजी का आलम यह है कि प्रदेश उपाध्यक्ष की बैठकों से भी ये गायब रहते हैं। कामकाजी बैठक में प्रभारी गोपाल मोदी, प्रदेश उपाध्यक्ष लखनलाल देवांगन, ज्योतिनंद दुबे जैसे वरिष्ठ लोग मार्गदर्शन देने पहुंचे थे लेकिन भाजयुमो के लोग गायब रहे।
0 निष्कासन की उठने लगी मांग
कांग्रेस विधायक का स्वागत घटनाक्रम ने जहां भाजपा के कुछ नेताओं की सत्ता के साथ नजदीकियों को उजागर कर दिया वहीं भाजपा के शीर्ष नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं की उन कोशिशों को भी धूमिल किया है जो आने वाले वर्षों में होने वाले विधानसभा चुनाव में जिले की चारों विधानसभा के साथ प्रदेश में सरकार बनाने की पुरजोर कवायदों में संगठन को मजबूत करने जुटे हैं। यूथ से लेकर बूथ को मजबूत करने जुटे भाजपा संगठन में गुटीय राजनीति को बताने के लिए यह एक तस्वीर काफी है। कटघोरा के भाजपा व भाजयुमो नेताओं ने इसे गंभीरता से लिया है और भीतर ही भीतर मांग उठने लगी है कि संगठन के नियमों और कायदों के अनुसार ऐसे लोगों को पार्टी से निष्कासित कर दिया जाए।
0 विपरित विचारधारा वालों को दे रहे पद

विचारधारा को प्राथमिकता देने वाली भाजपा के संगठन भाजयुमो में कांग्रेसी विचारधारा के लोगों और भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ वार्ड चुनाव में खुलकर काम करने वालों को भी भाजयुमो मंडल कटघोरा में पद दिए जाने से भी नाराजगी है। संगठन से ही ज्ञात हुआ कि भाजयुमो मंडल में अनुज तिवारी, हनी वर्मा, अंकुर जायसवाल को महत्वपूर्ण पद दिए गए हैं। संगठन के एक पदाधिकारी ने बताया कि इनका भाजपा से कभी कोई वास्ता नहीं रहा। अनुज तिवारी, हनी वर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में काम किया। अंकुर जायसवाल के पिता कांग्रेसी हैं और निर्दलीय चुनाव लड़े। इस तरह उन्हें भी तवज्जो दी गई जिन्होंने भाजपा प्रत्याशी को ही नुकसान पहुंचाया।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)

Advertisement Carousel