कोरबा-करतला (खटपट न्यूज)। नाबालिग लड़की को प्रेम जाल में फांस कर और शादी का झांसा देते हुए पहले उसके घर में और फिर अपने घर में ले जाकर जबरिया शारीरिक संबंध बनाने वाले शेर सिंह को पुलिस ने जेल की हवा खिला दी है। मामला करतला थाना क्षेत्र का है। यहां की 16 वर्षीया किशोरी के साथ 20 साल के शेर सिंह उर्फ बिट्टू ने प्रेम जाल में फंसाया और शादी का सब्जबाग दिखाया। किशोरी को झांसे में लेकर 11 जुलाई को उसके घर में अकेली पाकर घुस गया और जबरन संबंध बनाया। इसकी जानकारी होने के बाद गांव में बैठक बुलाई गई किंतु कोई परिणाम नहीं निकला। इस घटना के बाद 17 जुलाई को शेर सिंह ने पुन: किशोरी को किसी तरह मनाया और बहला-फुसला कर अपने घर ले गया तथा वहां कमरे में बंद कर रखा व संबंध स्थापित किया। किशोरी के घर पर नहीं मिलने से चिंतित परिजनों ने तलाश के बाद शेर सिंह पर संदेह जताया व 19 जुलाई को शाम लगभग 5.30 बजे थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराया। थाना प्रभारी निरीक्षक केएन तिवारी ने बताया कि सूचना के तत्काल बाद आरोपी को उसके घर की घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। घर से किशोरी को बरामद कर उसका बयान लेने सहित अन्य वैधानिक औपचारिकताओं के बाद परिजनों के सुपुर्द किया गया। आरोपी शेर सिंह के विरूद्ध धारा 342, 363, 366, 376 भादवि एवं बालकों का लैंगिक संरक्षण अधिनियम पाक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराने की कार्यवाही की गई।
00 सत्या पाल 00 (7999281136)















