
रायपुर – छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) में टूट तय मानी जा रही है। पार्टी के दो विधायक देवव्रत सिंह व प्रमोद शर्मा ने इसकी कवायद भी शुरू कर दी है। 26 जुलाई से शुरू हो रहे मानसून सत्र के दौरान दोनों विधायक जकांछ से अलग होने के लिए विधानसभा अध्यक्ष को आवेदन देंगे। यदि अध्यक्ष इसे स्वीकार कर लेते हैं, तो उनके लिए अलग पार्टी बनाने का रास्ता साफ हो जाएगा।
अलग पार्टी बनाने की तैयारी में जुटे जकांछ के पार्टी के वरिष्ठ विधायक देवव्रत सिंह ने बताया कि मानसून सत्र के दौरान अलग पार्टी के लिए विधानसभा अध्यक्ष को आवेदन देंगे। उन्होंने बताया कि उनके साथी विधायक प्रमोद शर्मा की इस संबंध में निर्वाचन आयोग से बात हो गई है। आयोग के अफसरों ने उन्हें राज्य विधानसभा में पार्टी के विखंडन की सूचना देने की सलाह दी है। विधानसभा अध्यक्ष यदि इसे स्वीकार कर लेते हैं तो अलग पार्टी का गठन किया जा सकता है।जकांछ के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने इस मामले में ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि पृथक दल बनाने के लिए दो से तीन होना या जकांछ से इस्तीफा देना पड़ेगा। मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने से कोई किसी को नहीं रोक सकता। हम न ए टीम है न बी टीम हैं। केवल सी मतलब छत्तीसगढ़ियों की टीम बनने का जोगीजी का अधूरा सपना पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं।














