गौरेला पेंड्रा मरवाही जिला पहुंचने पर राजस्व मंत्री का हुआ जोरदार स्वागत, कहा-सभी को साथ में लेकर आगे बढ़ना है

  • कोरबा (खटपट न्यूज)। जिले के प्रभारी और प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल का गौरेला पेंड्रा मरवाही जिला पहुंचने पर विभिन्न समाज सेवी संगठनों, समाज प्रमुखों, पंचायत प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा फूल माला और बुके भेंट कर  आत्मीय स्वागत किया गया।
        इस अवसर अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि राज्य गठन के बाद से यह क्षेत्र लगभग बीस वर्षों तक उपेक्षित रहा और पूर्ववर्ती सरकार ने विकास के नाम पर यहां की जनता के साथ केवल छलावा किया। प्रदेश में मुख्य मंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में गठित कांग्रेस की सरकार ने इस उपेक्षित पड़े क्षेत्र का विकास करने की मंशा से नए जिले का गठन किया और आप सब स्वयं इस बात के साक्षी हैं कि समूचे जिले में विकास की धारा प्रवाहित होने लगी है। इतना ही नहीं दूरस्थ अंचलों के ग्रामीणों को अनेक कार्यों के लिए जिला मुख्यालय तक न जाना पड़े इसके लिए मरवाही में अनुविभागीय अधिकारी का कार्यालय बनाया गया और सक्षम अधिकारी पदस्थ किया गया। इसी तरह से नई तहसीलों और उप तहसीलों का गठन कर आम नागरिकों को सुविधा प्रदान करने के साथ ही प्रशासनिक कार्यों का सरलीकरण किया गया।
    श्री अग्रवाल ने इस बात पर बल देते हुए कहा कि यह जिला बहुत तेजी से विकसित होगा और प्रदेश के अन्य जिलों से किसी भी रूप में कम नहीं रहेगा। प्रदेश सरकार की लोक हितकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग के लोगों को मिल रहा है और जरूरतमंद तबकों का जीवनस्तर पहले से बेहतर हो रहा है। राजस्व मंत्री ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से क्षेत्र के विकास को गति मिल रही है और विकास की इस धारा को ज्यादा गतिमान बनाना
    हम सब का दायित्व है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि क्षेत्र को जो तरक्की बीस वर्षों में नहीं मिल सकी जिसका कि वास्तव में वह हकदार था, आप स्वयं देख रहे हैं कि इतने अल्पकाल  में वह अब स्पष्ट दिखाई पड़ने लगा है। हमें यहीं नहीं रुकना है, सभी को साथ में लेकर आगे बढ़ना है और अन्य जिलों के लिए इस जिले को प्रगति का मॉडल बनाना है।
    गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला में प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल के प्रथम आगमन पर पेंड्रा में भारी जोर शोर से स्वागत किया गया एवं कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया । इस अवसर पर विधायक डॉ. के. क.े ध्रुव, कोरबा महापौर राजकिशोर प्रसाद, प्रदेश सचिव सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल, कोरबा ब्लॉक अध्यक्ष संतोष राठौर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष जीवन राठौर, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य व पदाधिकारी, सरपंच गण, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई पदाधिकारी व सदस्यगण सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित थे।

Advertisement Carousel