कोरबा-दीपका(खटपट न्यूज़)। नगर पालिका परिषद दीपका में प्रशासनिक अंधेरगर्दी का परिणाम है एक ही बाबू से पिछले 17 वर्षों से महत्वपूर्ण लोक निर्माण विभाग के निर्माण शाखा में काम लिया जा रहा है। पूर्ववर्ती भाजपा शासनकाल में भी इस पर नजर नहीं डाला गया और वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इस गड़बड़ी की पोल खोलते हुए उचित कार्रवाई की अपेक्षा नेता प्रतिपक्ष अनूप यादव ने जताई है।

बात कर रहे हैं कोरबा जिले की नगर पालिका परिषद दीपका के लोक निर्माण विभाग की शाखा में वर्ष 2004 से पदस्थ बाबू मो. अनीश मेमन की। इनके बारे में जो ज्ञात हुआ है उसके मुताबिक तत्कालीन मध्यप्रदेश राज्य परिवहन निगम में ये कार्यरत थे। राज्य परिवहन निगम भंग होने के बाद वर्ष 2004 में जब नगर पालिका दीपका का गठन हुआ तब इनकी भी यहां पदस्थापना सहायक राजस्व निरीक्षक के पद पर की गई। उस समय नगर पालिका में इन्हें निर्माण शाखा का प्रभार दे दिया गया। सहायक राजस्व निरीक्षक को निर्माण शाखा में लिपिक का कार्य कराने का यह सिलसिला पिछले 17 वर्षों से चला आ रहा है। इस दरमियान इन पर निर्माण संबंधी कामकाज के टेंडर आदि में और भ्रष्टाचार करने का भी आरोप लगा। बताया जा रहा है कि नगर पालिका दीपका में लिपिकीय कामकाज के लिए अनय जायसवाल, आराधना भारिया पदस्थ हैं लेकिन सहायक राजस्व निरीक्षक से लिपिक का काम कराना समझ से परे है। बीते वर्षों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार रही तब भी वे निरंतर इसी पद पर बने रहे, अब कांग्रेस की सरकार है तो भी वे इसी शाखा में जमे हुए हैं। समय-समय पर बाबू और अधिकारियों की पदस्थापना में फेरबदल होते रहते हैं ताकि कामकाज में पारदर्शिता बनी रहे। हालांकि सीएमओ का विवेकाधिकार है कि वह विभागीय कामकाज के लिए किसी को भी सोच- समझकर जिम्मेदारी तो दे सकते हैं लेकिन यहां सवाल यह भी है कि बीते 17 वर्षों में निर्माण शाखा में पदस्थ लिपिक मूलतः सहायक राजस्व निरीक्षक को एक बार भी हटाया नहीं गया और लगातार उन्हीं से काम लिया जा रहा है। यह हो सकता है कि पालिका गठन के समय तत्कालीन व्यवस्था के तौर पर इनसे लिपिक जैसा महत्वपूर्ण कार्य निर्माण शाखा में लिया जा रहा था लेकिन बाद के वर्षों में जब व्यवस्थाएं दुरुस्त हो गई तब लिपिक का काम लिपिक से ही कराना जरूरी होना था। पालिका में चली आ रही है अंधेरगर्दी अब नेता प्रतिपक्ष अनूप यादव की नजर में चढ़ी है। उन्होंने इसके संबंध में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखकर यहां से हटाने की मांग की है।
अनूप यादव का आरोप है कि महत्वपूर्ण लोक निर्माण विभाग का संचालन मोहम्मद अनीश मेमन प्लेसमेंट कर्मचारी द्वारा किया जा रहा है। अगर प्लेसमेंट कर्मचारी द्वारा ही सभी गोपनीय शाखाओं के कार्यों को करवाना है तो सरकारी कर्मचारियों की आवश्यकता ही क्यों? अनूप ने कहा है कि यह बाबू मोहम्मद अनीश मेमन पिछले अपने चहेते ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए नियम-कानून को ताक में रखकर कार्यों को अंजाम दे रहे हैं जबकि हर विभाग में परिवर्तन का नियम है लेकिन इस बाबू को उसी शाखा लोक निर्माण में पदस्थ रखकर गलत व नियम विरुद्ध कार्यों को बढ़ावा दिया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष का आरोप है कि मोहम्मद अनीश मेमन के द्वारा चाहते ठेकेदारों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। यदि उनका तबादला नहीं किया गया तो जल्द ही नगर पालिका में तालाबंदी आंदोलन किया जाएगा जिसके लिए नगर पालिका प्रशासन पूर्ण रूप से जवाबदार होगा। अब देखना यह है कि लंबे वर्षों से चली आ रही इस त्रुटिपूर्ण व्यवस्था में कितना सुधार की गुंजाइश है और सहायक राजस्व अधिकारी मोहम्मद अनीस को लोक निर्माण शाखा से कब तक हटाया जाएगा या नहीं।
0 पारदर्शिता के लिए फेरबदल होना जरूरी
पार्षद अरुणेश तिवारी का भी कहना है कि कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे और किसी तरह के आरोप-प्रत्यारोप न लगें इसके लिए जरूरी है कि कर्मचारियों की पदस्थापना में समय-समय पर फेरबदल करते रहना चाहिए। एक ही स्थान पर वर्षों से काम-काज करते रहने के कारण तौर-तरीके बदल जाते हैं, लिहाजा जरूरी है कि फेरबदल होते रहें। यह भी आवश्यक है कि जो जिस कार्य के लिए दक्ष है, उसे वही काम दिया जाना चाहिए।

00 सत्या पाल 00 (7999281136)















