Wednesday, March 25, 2026
Home Uncategorized चोर के घर जा धमका बाघा, चंद घण्टे में पकड़ाया चोर….

चोर के घर जा धमका बाघा, चंद घण्टे में पकड़ाया चोर….

कोरबा-पाली(खटपट न्यूज़)। पाली थाना क्षेत्र में सर्वोदय नगर निवासी शिक्षक भुनेश्वर प्रसाद रात्रे के सूने मकान में चोरी हो गई। आज सुबह इस चोरी की जानकारी पड़ोसी के जरिए भुनेश्वर को हुई तब वह अपने घर पहुंचा। इसकी सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर मातहतों के साथ मौके पर पहुंचे एवं खोजी डॉग स्क्वायड को भी तलब किया।

खोजी डॉग बाघा ने मौके से आरोपी की गंध महसूस करने के बाद सामने के दरवाजे से होते हुए घर के पीछे के रास्ते से सीधे दौड़ लगा दी और लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जाकर सीधे एक मकान में घुस गया। पीछे-पीछे पहुंची पुलिस ने संदेही शुभम सारथी पिता स्व. जगन्नाथ सारथी 25 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुभम सारथी ने चोरी करना कबूल कर लिया। उसके पास से चोरी की गई रकम 22 हजार 700 रुपए एवं केराझरिया धान मंडी के पास छिपाए गए सब्बल को बरामद कर लिया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 457, 380 भादवि के तहत जुर्म दर्ज कर जेल भेजने की कार्यवाही की गई। मामले को सुलझाने में डॉग मास्टर सुनील गुप्ता, थाना के प्रधान आरक्षक अश्वनी निरंकारी, आरक्षक विनोद नाथ योगी, राजेश राठौर, संजय सिंह, संजय साहू, नरेंद्र कुमार नागेश की अहम भूमिका रही।

Advertisement Carousel