Sunday, September 20, 2026
Home Uncategorized मध्य प्रदेश नर्मदा एक्सप्रेस में प्रेमिका की हत्या करने वाले आरोपी ने जेल में...

नर्मदा एक्सप्रेस में प्रेमिका की हत्या करने वाले आरोपी ने जेल में लगाई फांसी…

सीहोर (खटपट न्यूज)। सीहोर जिला जेल में हत्या के एक आरोपी ने बैरक में ही सुसाइड कर ली। युवक ने कुछ दिनों पहले सीहोर-इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस में अपनी प्रेमिका मुस्कान की हत्या कर दी थी। आरोपी सागर सोनी ने सोमवार को शाम करीब 4 बजे अपनी टीशर्ट फाड़कर उसका फंदा बनाया और बैरक की खिड़की से झूल गया।


शाम की चाय लेकर जब कर्मचारी बैरक के अंदर गया तो सागर को खिड़की से लटके हुए देखा। जिला जेल के जेलर संजय सेलम ने बताया कि सागर को फंदे से उतारा गया, तब सांसें चल रही थीं। उसे तुरंत जेल अस्पताल ले जाया गया। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
0 भाई से मिलने इंदौर से भोपाल जा रही थी युवती
बताया जा रहा है कि 5 दिन पहले नर्मदा एक्सप्रेस (08233) के डी-3 स्लीपर कोच में 27 साल की मुस्कान हाड़ा की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। वह इंदौर से भोपाल अपने भाई से मिलने जा रही थी। इसी कोच में सागर सोनी भी मौजूद था। बताया जाता है, युवती कोच में दरवाजे के पास युवक से कुछ देर बात करती रही। इसके बाद वह अपनी सीट की तरफ भागी और लड़खड़ाकर गिर गई।
आउटर पर ट्रेन धीमी होते ही युवक ट्रेन से कूदकर भाग गया। मुस्कान ने अपने भाई को फोनकर अपने साथ छेड़छाड़ की जानकारी दी थी। पुलिस के अनुसार सागर ने गले पर चाकू से एक वार किया था जो कि सीधे गले पर जा लगा। मुस्कान के गले से खून बहने लगा। सागर खून देखकर ट्रेन से उतरकर भाग निकला। कोच में बैठे एक युवक ने मुस्कान की मदद करनी चाही और 100 डायल को फोन करा, लेकिन तब तक मौत हो गई थी।
0 युवक ने कहा था- मुस्कान से था अफेयर
मुस्कान के परिवार वालों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया था। सागर ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि उसका युवती से अफेयर था। युवती ने उससे बात करना बंद कर दिया था। इसी वजह से खफा होकर उसकी हत्या कर दी। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जिला जेल सीहोर भेज दिया गया।
सागर सोनी रेलवे स्टेशन पर अखबार बेचने का काम करता था।मुस्कान की पहली शादी कपिल यादव नामक युवक से हुई थी। कुछ ही महीनों बाद कपिल को मुस्कान ने छोड़ दिया था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इसके बाद वह सागर से प्रेम करने लगी थी। कुछ ही दिन बाद मुस्कान ने सागर को छोड़ एक अन्य युवक से प्रेम करने लगी थी। ऐसे में सागर लंबे समय से मुस्कान से बात करने की फिराक में था, लेकिन वह बात नहीं कर पा रहा था।
0 अपनी मोहब्बत के प्रति गंभीर था आरोपी सागर
आरोपी सागर मुस्कान से बेपनाह मोहब्बत करता था और वो किसी भी कीमत पर उसे खोना नहीं चाहता था। दूसरी तरफ मुस्कान उससे दूरी बनाते हुए अन्य युवक के प्रेमपाश में बंध गई थी। जब सागर को इसकी जानकारी हुई तो उस पर नागवार गुजरा और उसने पहले मुस्कान को समझाने की कोशिश की लेकिन जब बात नहीं बनी तो उसे मौत की नींद सुला देना ज्यादा उचित लगा। उसकी हत्या के आरोप में जेल में निरुद्ध सागर उसकी यादों को अपनी जेहन से निकाल नहीं सका और उसने भी अपनी जान दे दी।

Advertisement Carousel