कोरबा (खटपट न्यूज)। नगर के बस स्टैंड में लाखों रुपए खर्च कर 3 साल पहले लगाया गया वाटर एटीएम एक बूंद पानी देने के पहले ही कबाड़ में तब्दील हो गया है। इसे शुरू कराने को लेकर पंचायत प्रशासन व जनप्रतिनिधियों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

नगरीय प्रशासन व स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा नगर के बस स्टैंड में आने-जाने वाले यात्रियों, राहगीरों व दुकानदारों को कम कीमत पर शुद्ध पेयजल के लिए वाटर एटीएम लगाया गया है। एक रुपये में पांच लीटर पानी देने वाले वाटर एटीएम से आज तक एक बूंद पानी निकल नहीं पाया। नगर पंचायत चुनाव के बाद नये अध्यक्ष, पार्षदों से वाटर एटीएम शुरू किये जाने को लेकर उम्मीद थी परंतु चुनाव जीतने के बाद वे लोग भी इसे लेकर दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। गर्मी के कई मौसम निकल गए परंतु वाटर एटीएम की शुरुआत नहीं हो पाई है। ऐसे में यात्री व राहगीरों को पानी के लिए आस-पास भटकना पड़ रहा है और दुकानों से ज्यादा रुपए में पानी की बोतल खरीदने की मजबूरी भी है। वैसे भी नगर में पानी की समस्या लगातार बनी रहती है जिसे आज तक अधिकारी व जनप्रतिनिधि हल नहीं कर पाये हैं और न ही हल करने की कोशिश दिखती है।















