0 पूर्व सांसद डॉ. महतो के विशेष प्रयासों से मिली थी यह एम्बुलेंस
कोरबा (खटपट न्यूज)। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्व सांसद डॉ. स्व. बंशीलाल महतो ने वर्ष 2017-18 में कुदमुरा व इसके आसपास के 15 पंचायतों को एम्बुलेंस की सुविधा दी थी जिसे स्वास्थ्य विभाग ने हड़प लिया है।

निजी उपयोग के लिए एम्बुलेंस का संचालन किया जा रहा है। पूर्व सांसद डॉ. महतो ने ग्रामीणों को एम्बुलेंस सांसद निधि से मुहैया कराया था। दो वर्ष तक पंचायतों के लोगों को इसका लाभ भी मिला लेकिन यह एम्बुलेंस विभाग के अधिकारियों की नजर में खटक रही थी। जैसे ही मौका मिला एम्बुलेंस क्रमांक सीजी-02-7232 को जिला मुख्यालय में ले जाकर खड़ी कर दिया गया ताकि अधिकारी एम्बुलेंस का निजी उपयोग कर सकें। अब कुदमुरा व इसके आसपास के ग्रामीणों को एबुलेंस का लाभ नही मिल रहा है। बता दें कि कुदमुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से बीते एक वर्ष पहले जिला मुख्यालय ले जाने के कारण ग्रामीण एम्बुलेंस सेवा से वंचित हैं। ग्रामीणों को आपातकाल में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में आपातकालीन स्थिति में यह एक मात्र एम्बुलेंस ही आसपास के गांवों के मरीजों के लिए संजीवनी साबित हो रही थी। सबसे ज्यादा सुविधा प्रसव पीड़ा से तड़पती महिलाओं के लिए मिल रही थी। वर्तमान में कुदमुरा स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल जाने के लिए ग्रामीणों को निजी वाहन का सहारा लेना पड़ रहा है और आर्थिक समस्याओं से जूझने की मजबूरी है।















