Friday, March 27, 2026
Home कोरबा गेवरा खदान से डीजल चोरों को खदेड़ने हुई धाय-धाय 40 राउंड फायरिंग

गेवरा खदान से डीजल चोरों को खदेड़ने हुई धाय-धाय 40 राउंड फायरिंग


0 चोरों के पथराव में सीआईएसएफ के जवान हुए घायल
कोरबा (खटपट न्यूज़) । एसईसीएल की गेवरा खदान में 3 माह पूर्व चली गोली का मामला अभी जांच में है कि  एक बार फिर खदान में गोली चलने की घटना हुई है। गेवरा खदान क्षेत्र में घसे 40 से 50 चोरों को भाग जाने के लिए कहने पर पथराव करने लगे और अपने बचाव में सीआईएसएफ जवानों को फायरिंग करनी पड़ी। मामले में सीआईएसएफ जवान की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश जारी है।


जानकारी के अनुसार दीपका कोयला खदान क्षेत्र में 30 मई को शाम करीब 7 बजे 40 से 50 की संख्या में लोग घुस गए।  लोग अपने साथ 2 कैम्पर वाहन एवं एक टाटा 407 जैसा दिखने वाला वाहन भी ले गए थे। इस बीच बाघा बार्डर गेवरा-हरदीबाजार बाइपास मार्ग के पास से गुजरते वक्त सीआईएसएफ के गश्ती दल की नजर हरकत पर पड़ी तो खदान के उक्त क्षेत्र से करीब 40-50 मीटर दूर अपने वाहन में ही बैठे-बैठे टार्च जलाकर जवानों ने देखा तो खदान के अंदर घुसे लोग नजर आए। इन्हें भाग जाने की चेतावनी दी गई तो भागने की बजाय पथराव करने लगे जिससे सीआईएसएफ के अनिल कुमार यादव, अजीत सिंह को चोट लगी। पथराव में सीआईएसएफ का वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ। अपनी जान पर खतरा का अंदेशा भांप कर सीआईएसएफ के आरक्षक के द्वारा 10 राउंड एवं महेश चुड़ावन ठाकरे पिता चुड़ावन ठाकरे 47 वर्ष के द्वारा 30 राउंड गोली हवा में चलाई गई। हवाई फायरिंग करते ही सभी चोर वहां से एक माल वाहन को छोड़कर अन्य वाहन सहित फरार हो गए। इस मालवाहन में डीजल चोरी में प्रयुक्त होने वाले बड़े-बड़े जेरिकेन व डीजल निकालने के लिए पाइप रखे हुए हैं। पुलिस ने सूचना बाद इस वाहन को जप्त कर लिया है। इस घटनाक्रम की रिपोर्ट महेश चुड़ावन ने दीपका थाना में दर्ज करा दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश चंद्र टांडेकर ने बताया कि प्रकरण में धारा 147, 149, 332, 353, 427, 447 भादवि के तहत जुर्म दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।


0 3 महिने पहले भी चली थी गोली
गौरतलब है कि एसईसीएल की गेवरा परियोजना खदान में 19 फरवरी की रात पेट्रोलिंग के दौरान सीआईएसएफ के सब इंस्पेक्टर उदय कुमार के द्वारा 2 वाहनों में सवार होकर आए चोरों पर गोली चला दी गई थी। इस गोलीबारी में सीआईएसएफ की गोली से सालिकराम गोंड़ निवासी ग्राम नोनबिर्रा खलारी घायल हो गया। उसकी रिपोर्ट पर दीपका पुलिस ने उदय कुमार के विरूद्ध जांच उपरांत हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया जो वर्तमान में विवेचनाधीन है। इस मामले में दीपका पुलिस ने जांच में पाया था कि सीआईएसएफ के जवान द्वारा जान-बूझकर गोली चलाया जाकर अपने ओहदे का गलत इस्तेमाल किया गया था।

Advertisement Carousel