कोरबा (खटपट न्यूज)। कोरोना संक्रमित होने के बाद संबंधित मरीज सहित उसके परिजनों को निर्धारित दिनों तक होम आइसोलेट किया जा रहा है। संबंधित के घर के सामने की दीवार पर इस आशय का स्टीकर भी चिपकाया जा रहा है। नगर निगम, स्वास्थ्य अमला इस कार्य को अंजाम दे रहा है। होम आइसोलेट लोग अपने घर से बाहर निकलकर दूसरों को संक्रमण फैलाने का काम न करें, इसके लिए भी निगरानी की व्यवस्था तो की गई है किंतु यह निगरानी प्रभावी तौर पर कारगर नहीं हो पा रही है। ऐसे इलाके जहां कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है, वहां तो कुछ हद तक निगरानी हो भी रही है लेकिन अनेक ऐसे भी क्षेत्र है जहां अधिक अथवा कुछ ही संख्या में पॉजीटिव मरीज मिलने पर कंटेनमेंट जोन तो नहीं बने लेकिन संक्रमितों की निगरानी भी नहीं हो पा रही है।

नगर पालिक निगम के कोरबा जोन अंतर्गत वार्ड क्रमांक 4 के इंदिरा नगर दुरपा रोड मोहल्ले में कोरोना संक्रमित के घर से बाहर निकलकर घूमने की शिकायत जागरूक लोगों के द्वारा पुलिस से की गई। स्थानीय पुलिस ने मौके पर जाकर संबंधित व्यक्ति को फटकार लगाई और घर से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी। इसके बावजूद उक्त संक्रमित का रवैया नहीं सुधरा तब डॉयल 104 पर संपर्क कर शिकायत की गई। बुधवार को दर्ज कराई गई शिकायत में फोन के अटेंडर ने शिकायतकर्ता की सारी जानकारी ले ली और स्वास्थ्य विभाग को भेजने की बात कही। गुरुवार को दूसरे दिन भी स्वास्थ्य अमला या विभाग के कोई भी कर्मचारी नहीं पहुंचे तब पुन: शिकायत करने पर सारी जवाबदारी पुलिस पर मढ़ दी गई कि ऐसे लोगों की रोकथाम करना पुलिस का ही काम है, स्वास्थ्य महकमे का नहीं इसलिए डॉयल 112 को कॉल करें।














